प्रधानमंत्री आवास योजना में राशि मांगने का ऑडियो वायरल, व्यायाम शिक्षक को जारी हुआ कारण बताओ नोटिस
पंचायत कार्यों में हस्तक्षेप और हितग्राहियों से पैसे मांगने के आरोप, दो दिन में मांगा जवाब
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 26 मई 2026। जिले के ग्राम पंचायत पचरी में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से राशि मांगने से जुड़ा एक ऑडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले में सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई, जिसके बाद स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नवागढ़ में पदस्थ व्यायाम शिक्षक नलसाय दिवाकर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी नोटिस में बताया गया है कि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जांजगीर की ओर से प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में संबंधित वायरल ऑडियो को नलसाय दिवाकर ने स्वयं का होना स्वीकार किया है। जांच के दौरान हितग्राहियों एवं अन्य ग्रामीणों के बयान भी दर्ज किए गए, जिनमें पंचायत के कार्यों में हस्तक्षेप तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर राशि मांगने की बात प्रथम दृष्टया सही पाई गई है।
प्रशासनिक जांच में यह भी सामने आया कि एक शासकीय सेवक होने के बावजूद पंचायत के कार्यों में हस्तक्षेप किया गया, जिसे अनुशासनहीनता और पदीय दायित्वों के विपरीत माना गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-03 का उल्लंघन बताया है।
मामले में संबंधित शिक्षक के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में निर्देश दिए गए हैं कि पत्र प्राप्ति के दो दिवस के भीतर स्वयं उपस्थित होकर अपना प्रतिवाद प्रस्तुत करें।
इस कार्रवाई के बाद जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर प्रशासन की सख्ती साफ दिखाई दे रही है।