Advertisment
अपराधछत्तीसगढ़

एसबीआई बैंक में करोड़ों रुपये के गबन का मामला, कैश ऑफिसर के खिलाफ अदालत में पेश हुआ चालान, बैंक खातों में फर्जी एंट्री कर 2 करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर करने का आरोप

NTN REPORT// बिलासपुर जिले के बिल्हा स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में करोड़ों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। इस मामले में तत्कालीन कैश ऑफिसर तेजवश शिरापत्तमा के खिलाफ एसीबी/ईओडब्ल्यू द्वारा विशेष न्यायालय बिलासपुर में अभियोग पत्र पेश किया गया है।मिली जानकारी के अनुसार भारतीय स्टेट बैंक शाखा बिल्हा के ब्रांच मैनेजर की लिखित शिकायत पर मुख्यालय आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW)/एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) रायपुर में 19 जनवरी 2026 को अपराध क्रमांक 03/2026 दर्ज किया गया था। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 13(1) एवं 13(2) सहित भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया गया।

जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी तेजवश शिरापत्तमा, जो उस समय एसबीआई बिल्हा शाखा में कैश ऑफिसर के पद पर पदस्थ थी, ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक खातों में अनाधिकृत प्रविष्टियां कीं। आरोपी ने बैंक खाताधारकों के खातों का उपयोग कर तथा बैंक के आंतरिक खातों में फर्जी और झूठी एंट्रियां बनाकर करोड़ों रुपये का गबन किया।

विवेचना में खुलासा हुआ कि 19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच विभिन्न तिथियों में कुल 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार 600 रुपये की राशि आरटीजीएस के माध्यम से अलग-अलग थर्ड पार्टी खातों में ट्रांसफर की गई। आरोप है कि इस रकम को बैंक से संबंधित सेवाओं जैसे भोजन एवं पेय पदार्थ, संपत्तियों के रखरखाव सहित अन्य मदों में खर्च दर्शाया गया।

जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी ने बैंक धन और लोकधन का दुरुपयोग करते हुए गबन की घटना को अंजाम दिया। मामले में कार्रवाई करते हुए 26 फरवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।

अब एसीबी/ईओडब्ल्यू बिलासपुर द्वारा जांच पूरी कर आरोपी के विरुद्ध चालान तैयार कर 26 मई 2026 को विशेष न्यायालय बिलासपुर में पेश कर दिया गया है। मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों एवं आरोपियों के संबंध में विवेचना अभी जारी है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!