
एवरेस्ट अभियान पर रवाना होंगी अमिता श्रीवास: 9 अप्रैल को काठमांडू प्रस्थान, शिखर पर फहराएंगी तिरंगा और देंगी स्वच्छता का संदेश
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा, 8 अप्रैल 2026। जांजगीर-चांपा जिले की युवा पर्वतारोही अमिता श्रीवास 9 अप्रैल को विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट फतह करने के संकल्प के साथ काठमांडू के लिए रवाना होंगी। अपने इस महत्वाकांक्षी अभियान के माध्यम से वह न केवल तिरंगा फहराने का लक्ष्य लेकर चल रही हैं, बल्कि “स्वच्छता ही सेवा” और “स्वच्छ भारत मिशन” का संदेश भी दुनिया की सबसे ऊंची चोटी तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अमिता श्रीवास को उनके एवरेस्ट अभियान के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं, साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि अमिता श्रीवास का यह प्रयास प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेगा।
इसी क्रम में अमिता श्रीवास ने जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने एवरेस्ट शिखर पर मुख्यमंत्री द्वारा प्रदत्त तिरंगा फहराने और जिले सहित प्रदेश का नाम रोशन करने का संकल्प दोहराया। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अभियान पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अमिता अपने मिशन के जरिए स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
अमिता श्रीवास इससे पहले वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माउंट किलिमंजारो फतह कर चुकी हैं। उनका यह नया अभियान प्रदेश की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायी साबित होगा।
इस अवसर पर एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान और जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल भी उपस्थित रहे।