Advertisment
ट्रेंडिंग/सोशल

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बाद अब वायरल हुई ‘ओगी जनता पार्टी’, सोशल मीडिया पर छिड़ा नया मीम वॉर

NTN REPORT// सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बाद अब एक नई वायरल ‘मीम पार्टी’ ‘ओगी जनता पार्टी’ (OJP) तेजी से चर्चा में आ गई है. इंस्टाग्राम समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर OJP के पोस्ट, मीम्स और मेनिफेस्टो तेजी से शेयर किए जा रहे हैं. यह पूरा ट्रेंड मशहूर कार्टून शो ओगी और काक्रोच से प्रेरित माना जा रहा है।

सोर्स, सोशल मीडिया

दरअसल, पिछले कुछ दिनों में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हुई थी. बेरोजगारी, पेपर लीक, युवा नाराजगी और सिस्टम पर व्यंग्य करने वाले पोस्ट्स के कारण इस पार्टी को इंटरनेट पर भारी रिस्पॉन्स मिला. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी के सोशल मीडिया फॉलोअर्स कुछ ही दिनों में करीब 2.15 करोड़ तक पहुंच गए, जिससे यह इंटरनेट पर सबसे ज्यादा चर्चित मीम ट्रेंड्स में शामिल हो गई.

इसी बीच अब ‘ओगी जनता पार्टी’ सामने आई है, जो खुद को CJP का विरोधी बता रही है. OJP का दावा है कि वह किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ी नहीं है और उसका मकसद केवल सोशल मीडिया पर चल रहे ट्रेंड्स और कथित राजनीतिक कनेक्शनों को उजागर करना है.

CJP पर राजनीतिक कनेक्शन के आरोप

ओगी जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट शेयर करते हुए दावा किया कि कॉकरोच जनता पार्टी खुद को न्यूट्रल बताती है, लेकिन उसके कुछ कथित कनेक्शन राजनीतिक दलों से जुड़े रहे हैं. OJP ने CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके के पुराने सोशल मीडिया पोस्ट्स शेयर किए, जिनमें उन्होंने साल 2024 में मनीष सिसोदिया को धन्यवाद कहा था.

इन्हीं पोस्ट्स के आधार पर OJP ने आरोप लगाया कि CJP के तार आम आदमी पार्टी से जुड़े हो सकते हैं. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

वायरल हुआ OJP का मोटो

ओगी जनता पार्टी की वेबसाइट और सोशल मीडिया बायो में लिखा गया उनका मोटो भी इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है —

“Any roach. Any size. Any species. Dead.”

यानी हर तरह के ‘कॉकरोच’ को खत्म करना उनका मिशन बताया गया है. सोशल मीडिया यूजर्स इसे मजेदार राजनीतिक सटायर और मीम कल्चर का नया उदाहरण मान रहे हैं.

स्वतंत्रता सेनानियों वाला पोस्ट भी चर्चा में

OJP ने एक पोस्ट में भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीरों का मोंटाज शेयर करते हुए लिखा कि जिस देश को बलिदान और संघर्ष से आजादी मिली, वहां आज युवा खुद को ‘कॉकरोच’ कहकर ट्रेंड बना रहे हैं.

ग्रुप ने इस पोस्ट के जरिए बेरोजगारी और युवाओं की निराशा को जोड़ने की कोशिश की. इस पोस्ट पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कुछ यूजर्स ने इसे युवाओं की हताशा का प्रतीक बताया, जबकि कई लोगों ने इसे सिर्फ इंटरनेट मनोरंजन कहा.

OJP का 6-पॉइंट ‘एनिमल वेलफेयर मेनिफेस्टो’

जहां कॉकरोच जनता पार्टी बेरोजगारी, पेपर लीक और सिस्टम पर व्यंग्य करने वाले मुद्दों को उठा रही है, वहीं ओगी जनता पार्टी ने मजेदार अंदाज में अपना 6-पॉइंट ‘एनिमल वेलफेयर मेनिफेस्टो’ भी जारी किया है.

इस मेनिफेस्टो में सड़क के जानवरों के लिए फ्री हेल्थकेयर, ज्यादा शेल्टर्स, रोजाना फीडिंग प्रोग्राम और अडॉप्शन कैंपेन चलाने जैसे वादे किए गए हैं. पार्टी के पोस्टर में ओगी को सफेद कुर्ता-पजामा पहनकर जानवरों के साथ दिखाया गया है.

सोशल मीडिया पर छिड़ा ‘मीम वॉर’

फिलहाल सोशल मीडिया पर CJP और OJP समर्थकों के बीच मीम्स, वीडियो और पोस्ट्स की बाढ़ आ गई है. इंटरनेट पर यह पूरा ट्रेंड अब ‘मीम वॉर’ के रूप में देखा जा रहा है.

कुछ लोग इसे केवल मनोरंजन और व्यंग्य का हिस्सा मान रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इसे डिजिटल राजनीति और सोशल मीडिया एजेंडा से जोड़कर देख रहे हैं.

हालांकि, OJP ने अपने सोशल मीडिया बायो में साफ लिखा है कि उसे किसी भी राजनीतिक दल का समर्थन प्राप्त नहीं है और वह किसी पार्टी से संबद्ध नहीं है.

फिलहाल इतना जरूर साफ है कि सोशल मीडिया पर राजनीति अब केवल भाषणों और बहसों तक सीमित नहीं रह गई है. अब कार्टून कैरेक्टर्स, मीम्स और वायरल ट्रेंड्स भी इंटरनेट की नई ‘राजनीति’ का हिस्सा बनते जा रहे हैं.

यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!