Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

30 साल बाद फिर सजे स्कूल के दिनों के रंग, 1996 बैच के सहपाठियों का हुआ आत्मीय स्नेह मिलन

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवरीनारायण के पूर्व विद्यार्थियों ने साझा कीं पुरानी यादें, गुरुजनों का किया सम्मान

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवरीनारायण के वर्ष 1996 बैच के पूर्व विद्यार्थियों का स्नेह मिलन समारोह बुधवार 24 जून को शिवरीनारायण स्थित होटल ध्रुव तारा में उत्साह और भावनाओं से भरे माहौल में आयोजित किया गया। लगभग 30 वर्षों बाद एक साथ मिले सहपाठियों ने अपने स्कूली जीवन की सुनहरी यादों को फिर से जीवंत किया और इस मुलाकात को जीवन का यादगार पल बताया।(कार्यक्रम में शिक्षकों के साथ 1996 बैच के सहपाठी)

समारोह की शुरुआत परिचय सत्र से हुई, जहां सभी पूर्व विद्यार्थियों ने अपने वर्तमान जीवन, पारिवारिक पृष्ठभूमि, व्यावसायिक उपलब्धियों और संघर्षों के अनुभव साझा किए। वर्षों बाद मिले मित्रों ने एक-दूसरे का आत्मीय स्वागत किया और पुराने दिनों की यादों में खो गए।

सहपाठियों के बीच स्कूल समय की शरारतें, कक्षा के संस्मरण, खेलकूद प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़े किस्से चर्चा का मुख्य आकर्षण रहे। कई साथियों ने बताया कि विद्यालय में मिले संस्कार और शिक्षकों का मार्गदर्शन ही उनके जीवन की सफलता की मजबूत नींव बना।

इस अवसर पर तत्कालीन प्राचार्य पीएल कौशिक, सेवानिवृत्त शिक्षक उदयराम कैवर्त और प्राचार्य आरपी कश्यप का पूर्व छात्र-छात्राओं ने शाल, श्रीफल एवं भगवान शिवरीनारायण की छायाचित्र भेंटकर सम्मान किया। उपस्थित सभी पूर्व विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन आज भी उनके जीवन में प्रेरणा का स्रोत है।(केक काटकर खुशियां मनाती 1996 बैच की छात्राएं)

समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, समूह चर्चा और सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया। सभी ने मिलकर पुराने फोटो देखे और बीते हुए दिनों की यादों को साझा किया। केक काटकर इस खास अवसर की खुशियां मनाई गईं।

कार्यक्रम में शामिल सभी साथियों ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने और आपसी सहयोग व संपर्क बनाए रखने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि यह स्नेह मिलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन पुराने रिश्तों को फिर से मजबूत करने का अवसर है, जो समय के साथ दूरी के बावजूद आज भी दिलों में कायम हैं।

कार्यक्रम के समापन के बाद सभी साथियों ने मठ मंदिर पहुंचकर भगवान शिवरीनारायण के दर्शन किए और सुखद स्मृतियों के साथ अपने-अपने घरों की ओर रवाना हुए।समारोह में भूपेंद्र चंद्रा, पवन केसरवानी, भरत सिंह, अमित पारीक, रवि नारायण शर्मा, मदन तिवारी, नवीन शर्मा, खिलावन आदित्य, भगवान केसरवानी, देवेंद्र केसरवानी, बलराम पटेल, योगेश भट्ट, सीताराम चंद्रा, योगेश रजक, मिलेंद्र केसरवानी, विष्णु केसरवानी, प्रतिभा शर्मा, मोना सोनी, रश्मि यादव, कस्तूरी वैष्णव, शैलजा लाल, अर्चना केसरवानी, आशा अग्रवाल, मेघा गोयल, दीप्ति शुक्ला, गौरी तैलंग और बद्रिका यादव सहित 1996 बैच के कई पूर्व छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!