
NTN REPORT// एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रिश्वत लेते एक पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी पर जमीन के नक्शा बंटाकन कार्य के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रतनपुर निवासी अशोक अग्रवाल द्वारा एंटी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने लालपुर स्थित अपनी जमीन का नक्शा बंटाकन कराने के लिए करीब एक वर्ष पूर्व तहसीलदार कार्यालय रतनपुर में आवेदन दिया था।
आवेदन पर तहसीलदार रतनपुर द्वारा आवश्यक कार्रवाई के लिए लालपुर पटवारी को निर्देशित किया गया था। इसके बाद जब शिकायतकर्ता कार्य कराने के लिए लालपुर पटवारी भानु चंद्राकर से संपर्क किया तो पटवारी द्वारा काम के बदले 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई।
शिकायतकर्ता रिश्वत देना नहीं चाहता था, बल्कि आरोपी पटवारी को रिश्वत लेते पकड़वाना चाहता था। इस पर उसने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
सत्यापन के दौरान आरोपी पटवारी ने 40 हजार रुपये की मांग में समझौता करते हुए 25 हजार रुपये लेने पर सहमति दी। इसके बाद एसीबी की टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की।
दिनांक 25 जून 2026 को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने ट्रैप आयोजित कर शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए लालपुर पटवारी भानु चंद्राकर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसीबी द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है।