
नाबालिग से दुष्कर्म, जबरन विवाह और मारपीट का आरोपी गिरफ्तार
अकलतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म, जबरन शादी और मारपीट के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
तीन वर्षों से बना रहा था शोषण का शिकार
थाना अकलतरा में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी प्रमोद निराला (21 वर्ष), निवासी अमरताल, थाना अकलतरा, पीड़िता को पिछले तीन वर्षों से जान-पहचान का फायदा उठाकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पीड़िता नाबालिग होने के बावजूद आरोपी ने उससे शादी कर ली और लगातार उसका शारीरिक व मानसिक शोषण करता रहा।
शराब के नशे में बेरहमी से की मारपीट
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 31 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे आरोपी ने शराब के नशे में डंडे से उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसके हाथ, कोहनी और घुटने में गंभीर चोटें आईं। पीड़िता के अनुसार आरोपी पहले भी कई बार उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना कर चुका है।
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दी सूचना
प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 180/2026 के तहत धारा 137(2), 63(D)(6), 64(2)(M), 65(1), 87, 115(2) बीएनएस तथा धारा 4 और 6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया अपराध
प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना अकलतरा पुलिस टीम के भास्कर शर्मा, स्वाति गिरोलकर, आरक्षक महेंद्र राज एवं गौकरण राय की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।