
ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल में हिन्दी दिवस के अवसर पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित
छत्तीसगढ़/जांजगीर 14 सितम्बर :- ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जाँजगीर में संस्था के संचालक आलोक अग्रवाल एवं प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह के निर्देशन में दिनांक-14 सितम्बर 2024 को हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में कक्षा-तीसरी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिये हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित कराई गई।
इस प्रतियोगिता में कक्षावार भिन्न-भिन्न विषयों में मुख्य रूप से कक्षा-पहली से पांचवी तक के विद्यार्थियों को 100 शब्दों में हिंदी भाषा के महत्व विषय पर, कक्षा-छठवीं से आठवीं तक विद्यार्थियों को 500 शब्दों पर, हिंदी भाषा एवं बोली विषय के महत्व पर, तथा कक्षा-नमवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व एवं भारतवर्ष में हिंदी बोली के प्रकार विषय पर निबंध लिखने को कहा गया। इस प्रतियोगिता में संस्था के विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी लेखन प्रतिभा का उजागर करते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपने प्यार और सम्मान को परिलक्षित किया। उन्होंने अपने निबंध में मुख्य रूप से हिंदी भाषा, हिंदी भाषा के महत्व, बोलियों के महत्व के बारे में लिखते हुए अपनी मातृ भाषा के प्रति सम्मान एवं ज्ञान का उजागर किया। इस प्रतियोगिता में कक्षा-पहली से तीसरी की प्रभारी शिक्षिका श्रीमती सरिता प्रधान, कक्षा-चौथीं से छठवीं की प्रभारी शिक्षिका श्रीमती विजयलता राठौर, कक्षा-सातवीं से नमवीं की प्रभारी शिक्षिका श्रीमती हन्ना देवी तथा कक्षा-दसवीं से बारहवीं की प्रभारी शिक्षिका श्रीमती आशा राठौर रहीं।
प्रभारी शिक्षिकाओं द्वारा कक्षावार विजयी बच्चों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय श्रेणियों में विभाजित कर चयन प्रक्रिया को पूर्ण किया गया। कक्षा-पहली से तीसरी में- आर्यव देवांगन (प्रथम), योगिनी साहू (द्वितीय), रुद्रांशा पैगवार (तृतीय) स्थान पर रहे। कक्षा-चौथीं से छठवीं में- माही फर्रे (प्रथम), प्रांशी शर्मा (द्वितीय), मानवी कंवर (तृतीय) स्थान पर रहे। कक्षा-सातवीं से नमवीं में- आलोक चतुर्थी (प्रथम), मयंक चन्द्रा (द्वितीय), सृष्टि सिंह (तृतीय) स्थान पर रहे। इन विद्यार्थियों को संस्था की प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह एवं प्रभारी शिक्षिकाओं द्वारा प्रमाण-पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। उपहार एवं प्रमाण-पत्र पाकर विद्यार्थीगण उत्साह एवं उमंग से झूम उठे।
प्रार्थना प्रागंण में हिंदी शिक्षिका श्रीमती हन्ना देवी द्वारा विद्यार्थियों को हिंदी दिवस की बधाई देते हुए, कविता के माध्यम से हिंदी भाषा के महत्व को परिलक्षित करते हुए कहा गया कि- हिंदी भारत की एकता एवं विविधता का प्रतीक है। यह भाषा देशभक्ति, संस्कृति और समृद्धि का प्रतीक है। हिंदी हमारे संविधान की अधिकारिक भाषा है और हमारी राष्ट्रीय भाषा के रूप महत्वपूर्ण है। 14 सितंबर 1949 को भारतीय संविधान सभा ने इसे राजभाषा के रूप स्वीकार किया। तब से प्रतिवर्ष हम हिंदी दिवस मनाते आ रहे हैं। हिंदी दिवस के अवसर पर हमे अपनी मातृ भाषा के प्रति समर्पित रहना चाहिए।
शिक्षिका श्रीमती विजयलता राठौर द्वारा हिंदी भाषा की उत्पत्ति एवं इसके महत्व के विषय में बताते हुए कहा की भारत देश में विविध भाषाएँ बोली जाती है, जिनमें हिंदी भाषा का महत्वपूर्ण स्थान है। शिक्षिका श्रीमती आशा राठौर द्वारा हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में बधाई देते हुए कहा की हमें हिंदी भाषा का सम्मान करना चाहिए तथा साथ ही हम सबको हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभानी चाहिए। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के समस्त शिक्षक शिक्षकाओ एवं ग्राउंड स्टाफ का विशेष योगदान रहा है।