
NTN REPORT// राजनांदगांव। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) रायपुर की टीम ने राजनांदगांव जिले के थाना बसंतपुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 4 नवंबर 2026 को शिकायत के सत्यापन के बाद जाल बिछाकर की गई।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी गौरव निवासी मंगल विहार, मोवा, रायपुर ने एंटी करप्शन ब्यूरो रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि राजनांदगांव जिले के थाना बसंतपुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव द्वारा प्रार्थी के पिता मंगीलाल यादव के खिलाफ दर्ज एक मामले में कार्रवाई नहीं करने और उन्हें परेशान नहीं करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।
प्रार्थी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। उसने भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत करने का निर्णय लेते हुए पूरे मामले की जानकारी एसीबी रायपुर को दी।
एसीबी ने बिछाया जाल, 20 हजार लेते पकड़ा
शिकायत प्राप्त होने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। इसके बाद 4 नवंबर 2026 को थाना बसंतपुर में कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक किशोर यादव को प्रार्थी से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
एसीबी की टीम ने आरोपी प्रधान आरक्षक किशोर यादव को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के प्रावधानों के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल
पुलिस विभाग में पदस्थ कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगे जाने और एसीबी की कार्रवाई में रंगे हाथों पकड़े जाने का यह मामला एक बार फिर सरकारी व्यवस्था में भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े करता है।