तमिलनाडु की रैली में राहुल गांधी का हमला, बोले- ट्रंप और अडानी के जरिए मोदी को कंट्रोल किया जा रहा, BJP लाना चाहती है ‘बिहार मॉडल’
NTN NEWS REPORT// तूतीकोरिन (तमिलनाडु): तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले तूतीकोरिन में आयोजित चुनावी रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हुई इस रैली में राहुल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रभाव में काम करते हैं और BJP तमिलनाडु में “बिहार मॉडल” लागू करना चाहती है।

‘ट्रंप के कहने पर इजरायल गए प्रधानमंत्री’
राहुल गांधी ने दावा किया कि ईरान में युद्ध शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी को अचानक इजरायल जाने का “आदेश” मिला। उन्होंने कहा कि मोदी विमान में बैठे, इजरायल गए और वापस लौट आए। राहुल के मुताबिक, यह दौरा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कहने पर हुआ। उन्होंने कहा कि “ट्रंप जब भी कहते हैं, मोदी तुरंत प्रतिक्रिया देते हैं।”
एपस्टीन फाइल्स और अडानी का जिक्र
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अमेरिका के पास दो “हथियार” हैं जिनके जरिए प्रधानमंत्री को कंट्रोल किया जा रहा है। पहला, तथाकथित एपस्टीन फाइल्स, और दूसरा उद्योगपति अडानी से जुड़े वित्तीय संबंध। उन्होंने कहा कि अमेरिका इन दोनों मामलों की जानकारी रखता है और इन्हीं के आधार पर भारत की नीतियों को प्रभावित किया जा रहा है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार पहले ही एपस्टीन फाइल्स में प्रधानमंत्री से जुड़े किसी भी संदर्भ को खारिज कर चुकी है और इसे निराधार बताया है।
‘प्रधानमंत्री अमेरिका के राष्ट्रपति को सर कहते हैं’
राहुल गांधी ने कहा कि ट्रंप खुले तौर पर कहते हैं कि जब भी वे प्रधानमंत्री को फोन करते हैं, तो वे तुरंत कॉल उठाते हैं और उन्हें “सर” कहते हैं। राहुल ने इसे भारत की गरिमा से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि यह शर्मनाक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह प्रधानमंत्री ट्रंप को “सर” कहते हैं, उसी तरह वे चाहते हैं कि तमिलनाडु का मुख्यमंत्री भी उन्हें “सर” कहे। लेकिन मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ऐसा कभी नहीं करेंगे। राहुल ने कहा कि इसी कारण BJP चाहती है कि राज्य में AIADMK की सरकार बने, जो दिल्ली के इशारों पर चले।
‘तमिलनाडु में नहीं बनने देंगे कठपुतली सरकार’
राहुल गांधी ने कहा कि BJP तमिलनाडु में ऐसी सरकार चाहती है जो पूरी तरह केंद्र के नियंत्रण में हो। लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी ऐसा नहीं होने देंगे। उन्होंने वादा किया कि तमिलनाडु में “कठपुतली सरकार” नहीं बनने दी जाएगी।
बिहार मॉडल का आरोप
राहुल गांधी ने बिहार की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां नीतीश कुमार को कमजोर कर BJP नेता सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के पास अब कोई शक्ति नहीं बची और वे राज्यसभा चले गए। राहुल के मुताबिक, BJP ने बिहार में ऐसा मॉडल बनाया जहां मुख्यमंत्री पूरी तरह केंद्र के नियंत्रण में है और अब वही मॉडल तमिलनाडु में लागू करने की कोशिश की जा रही है।
AIADMK पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी ने कहा कि AIADMK के पुराने नेता महान थे और उन्होंने तमिल लोगों के हितों की रक्षा की। लेकिन आज की AIADMK “खोखला खोल” बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी नेतृत्व भ्रष्टाचार के कारण BJP के सामने झुक गया है, जबकि जमीनी कार्यकर्ता अभी भी ईमानदार हैं।
RSS-BJP पर वैचारिक हमला
राहुल गांधी ने RSS और BJP पर आरोप लगाया कि वे एक धर्म, एक भाषा और एक संस्कृति की सोच को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि यह विचारधारा तमिल और द्रविड़ पहचान के खिलाफ है। राहुल ने तमिलनाडु की तारीफ करते हुए कहा कि राज्य ने पूरे देश को सामाजिक न्याय आधारित विकास का रास्ता दिखाया है और यहां विविधता का सम्मान होता है।
रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। चुनाव से पहले राहुल गांधी का यह हमला राज्य की सियासत को और गरमा सकता है।