
उज्जैन में छाया बिलासपुर: स्वामी बास्केटबॉल अकादमी के खिलाड़ियों ने जीता ऑल इंडिया जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता का गोल्ड
NTN NEWS REPORT// बिलासपुर। शहर की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेरी है। बिलासपुर स्थित स्वामी बास्केटबॉल अकादमी के रेलवे से जुड़े खिलाड़ियों ने उज्जैन में आयोजित ऑल इंडिया जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि से पूरे शहर में हर्ष का माहौल है।
प्रतियोगिता में टीम का नेतृत्व कप्तान शुभम ने किया, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन रणनीति और संयम का परिचय दिया। वहीं अहमद ने वॉयस कप्तान (उपकप्तान) की भूमिका निभाते हुए टीम को मजबूती प्रदान की।
इस विजेता टीम में वरुण, लक्की, पीयूष, वासु, बन्नी, अमन, साहिल और ऋषभ ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी खिलाड़ियों ने सामूहिक प्रयास, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए खिताबी मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की।
खिलाड़ियों ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने कोच टी.एस. प्रकाश राव को दिया। प्रकाश राव स्वामी बास्केटबॉल अकादमी के संचालक हैं और खेल जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं। वे छत्तीसगढ़ के पहले सीनियर बास्केटबॉल खिलाड़ी रहे हैं तथा भारतीय टीम के कप्तान के रूप में भी देश का नेतृत्व कर चुके हैं। वर्तमान में वे बिलासपुर में टीटी के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
कोच प्रकाश राव वर्षों से बिलासपुर में खेल प्रतिभाओं को निखारने का कार्य कर रहे हैं। वे अपनी अकादमी में बच्चों को नि:शुल्क कोचिंग प्रदान कर रहे हैं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली बच्चों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उनकी मेहनत और मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि अकादमी के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर बिलासपुर और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस ऐतिहासिक जीत पर खेल प्रेमियों, अभिभावकों और शहरवासियों ने टीम और कोच को बधाई देते हुए भविष्य में और बड़ी सफलताओं की कामना की है।