Advertisment
Advertisment
अपराधजांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार; ₹2.30 लाख का माल बरामद

सीसीटीवी फुटेज से मिली सुराग, नैला, लोरमी समेत कई वारदातों का खुलासा

NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा, 18 अप्रैल 2026। थाना साइबर जांजगीर की सक्रियता से अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक कार, तीन मोबाइल, नगदी एवं सोने-चांदी के आभूषण समेत कुल ₹2 लाख 30 हजार का मशरूका बरामद किया गया है।

घटना का विवरण

10 अप्रैल 2026 की रात अनंत विहार नहरिया बाबा रोड नैला में प्रार्थी सैयद अली के सूने मकान में घुसकर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए थे। मामले में चौकी नैला में अपराध क्रमांक 269/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

सूने मकानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन एवं सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में साइबर टीम ने जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

घटनास्थल और आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध सफेद रंग की कार (CG-04-HK-6504) दिखाई दी। साइबर तकनीक से जांच करने पर पता चला कि वाहन मध्यप्रदेश के बालाघाट स्थित एक ऑटोमोबाइल दुकान से एग्रीमेंट के जरिए प्रकाश जावरे ने खरीदी थी।

जांच के दौरान पुलिस ने बिलासपुर कोनी निवासी राजेश पटेल को नांदघाट से पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने भाई पप्पू पटेल और साथी प्रकाश जावरे के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

बालाघाट में दबिश, दो आरोपी और गिरफ्तार

साइबर टीम ने मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के ग्राम उकवा में दबिश देकर पप्पू पटेल और प्रकाश जावरे को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने बताया कि वारदात से पहले वे क्षेत्र की रेकी करते थे। घटना वाली शाम भी घर की टोह लेने के बाद रात में चोरी की गई।प्रकाश जावरे ने खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में प्रवेश किया, कमरे का दरवाजा और अलमारी तोड़कर जेवरात पार किए। राजेश पटेल बाहर निगरानी कर रहा था, जबकि पप्पू पटेल कार में मौजूद था। चोरी के बाद आरोपियों ने गहने उकवा के एक सोनार को बेच दिए। संबंधित सोनार फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

अन्य वारदातों का भी खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने 2 जनवरी 2026 को विष्णु विहार कॉलोनी, नैला में ₹80 हजार की चोरी तथा 18 मार्च 2026 को मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र के कुदरापारा में ₹1 लाख 5 हजार (नगदी ₹25 हजार व जेवर ₹80 हजार) की चोरी करना भी स्वीकार किया। इन मामलों में संबंधित थानों में अपराध दर्ज हैं।

बरामद मशरूका

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से—

  • पुरानी कार – ₹2,00,000
  • तीन मोबाइल – ₹21,000
  • नगदी – ₹5,000
  • सोने की छोटी बाली व चांदी की बच्चों की चूड़ी – ₹4,000
    कुल जुमला कीमती – ₹2,30,000

पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रकरण के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान (चौकी प्रभारी नैला) एवं चौकी स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!