Advertisment
व्यापार जगत

नया एंड्रॉयड मैलवेयर ‘Perseus’ बना बड़ा खतरा, बैंक ओटीपी और नोट्स तक कर रहा चोरी!

NTN NEWS REPORT। एंड्रॉयड स्मार्टफोन यूजर्स के लिए एक नया साइबर खतरा सामने आया है। ‘Perseus’ नाम का नया मैलवेयर मोबाइल में मौजूद संवेदनशील जानकारियों को कॉपी कर साइबर अपराधियों तक पहुंचा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह मैलवेयर बैंक ओटीपी, पासवर्ड और अन्य फाइनेंशियल डेटा को स्कैन कर सकता है और कई मामलों में पूरे स्मार्टफोन का नियंत्रण भी अपने हाथ में ले सकता है।

पुराने मैलवेयर का एडवांस वर्जन

फाइल फोटो

बताया जा रहा है कि Perseus मैलवेयर अपने पुराने वर्जन Cerberus और Phoenix पर आधारित है। हालांकि यह नया वेरिएंट पहले से ज्यादा खतरनाक माना जा रहा है। साइबर हैकर्स इसकी मदद से किसी भी यूजर को टारगेट कर सकते हैं और उसके डिवाइस में मौजूद डेटा तक आसानी से पहुंच बना सकते हैं।

क्या-क्या कर सकता है Perseus?

रिपोर्ट्स के अनुसार यह मैलवेयर कई एडवांस फीचर्स के साथ आता है, जिनमें शामिल हैं—

  • रियल-टाइम स्क्रीनशॉट लेना
  • स्क्रीन पर टैप को सिम्युलेट करना
  • ऐप्स को खुद से ओपन करना
  • ब्लैक स्क्रीन ओवरले एक्टिव करना, जिससे यूजर को स्क्रीन पर कुछ दिखाई न दे
  • लॉगइन डिटेल्स, बैंक ओटीपी और पासवर्ड चोरी करना

सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह मैलवेयर सिर्फ लॉगइन जानकारी ही नहीं, बल्कि यूजर्स के पर्सनल नोट्स को भी स्कैन और कॉपी कर सकता है।

इन नोट्स ऐप्स पर मंडरा रहा खतरा

Perseus मैलवेयर कई लोकप्रिय नोट्स ऐप्स को निशाना बना सकता है। इनमें शामिल हैं—

  • Google Keep
  • Xiaomi Notes
  • Samsung Notes
  • ColorNote
  • Notepad Notes
  • Evernote – Note Organizer

यह मैलवेयर बिना यूजर की जानकारी के इन ऐप्स के कंटेंट को व्यवस्थित तरीके से स्कैन कर डेटा चुरा सकता है। इससे पर्सनल डिटेल्स, पासवर्ड, बैंकिंग जानकारी और अन्य निजी डेटा लीक होने का खतरा बढ़ जाता है।

कैसे फैल रहा है यह मैलवेयर?

जानकारी के मुताबिक यह मैलवेयर उन ऐप्स के जरिए फैल रहा है, जो खुद को IPTV सर्विस के रूप में पेश करते हैं। ये ऐप्स आमतौर पर Google Play Store पर उपलब्ध नहीं होते और थर्ड-पार्टी सोर्स के जरिए इंस्टॉल किए जाते हैं। ऐसे अनऑफिशियल ऐप्स इंस्टॉल करना यूजर्स के लिए बड़ा जोखिम बन सकता है।

बचाव के लिए क्या करें?

साइबर एक्सपर्ट्स के अनुसार स्मार्टफोन को सुरक्षित रखने के लिए कुछ सावधानियां बेहद जरूरी हैं—

  • केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करें
  • थर्ड-पार्टी या अनजान सोर्स से ऐप इंस्टॉल करने से बचें
  • मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम और ऐप्स को नियमित रूप से अपडेट रखें
  • अनावश्यक परमिशन देने से बचें
  • किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत ऐप अनइंस्टॉल करें

Perseus मैलवेयर का खतरा यह साफ संकेत देता है कि डिजिटल दौर में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। थोड़ी सी लापरवाही से निजी और वित्तीय जानकारी साइबर अपराधियों के हाथों में पहुंच सकती है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!