Advertisment
Uncategorized

डीपीएस स्कूल जांजगीर के विद्यार्थियों का पुलिस कार्यालय भ्रमण, एएसपी उमेश कुमार कश्यप ने दी आईएएस–आईपीएस की तैयारी की प्रेरक सीख

NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। डीपीएस स्कूल जांजगीर के छात्र–छात्राओं ने आज शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत पुलिस कार्यालय जांजगीर का भ्रमण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, अनुशासन, प्रशासनिक ढांचे एवं कानून-व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

भ्रमण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें पढ़ाई के प्रति गंभीरता, अनुशासन एवं लक्ष्य निर्धारण का महत्व समझाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को आईएएस एवं आईपीएस जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं की तैयारी के लिए सही दिशा, निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य के साथ कोई भी विद्यार्थी अपनी मंजिल हासिल कर सकता है।

इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रशासनिक सेवाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं और पुलिस विभाग की कार्यशैली को लेकर जिज्ञासापूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल, प्रेरक और मार्गदर्शक उत्तर दिया।इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में प्रशासनिक सेवाओं के प्रति रुचि बढ़ी तथा उन्हें भविष्य निर्माण के लिए नई सोच, प्रेरणा और दिशा प्राप्त हुई। कार्यक्रम ने छात्रों के आत्मविश्वास को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!