Advertisment
Advertisment
अपराधछत्तीसगढ़स्थानीय समाचार / शहर की खबरें

शिक्षा विभाग का लेखापाल रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, एसीबी की ताबड़तोड़ कार्रवाई

NTN NEWS REPORT// भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में शिक्षा विभाग के एक लेखापाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई से विभागों में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी सोनिसिंह यादव, निवासी ग्राम हसलनार, जिला कोंडागांव द्वारा एसीबी कार्यालय जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि वे दिसंबर 2025 में प्रधान पाठक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सेवानिवृत्ति उपरांत उन्हें भविष्य निधि (PF) की राशि कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी, कोंडागांव से प्राप्त होनी थी।

भुगतान प्रक्रिया के एवज में कार्यालय में पदस्थ सतीश सोढ़ी, सहायक वर्ग-2/लेखापाल द्वारा कार्य करने के बदले 40,000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था, बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था।

शिकायत का सत्यापन किए जाने के बाद दिनांक 06 फरवरी 2026 को एसीबी द्वारा योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी सतीश सोढ़ी को प्रार्थी से 40,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया

एसीबी ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ACB का सख्त संदेश : रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं

लगातार हो रही एसीबी की ताबड़तोड़ कार्रवाइयों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है। एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो बिना भय के इसकी शिकायत करें। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में एसीबी पूरी मजबूती के साथ आम जनता के साथ खड़ी है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!