
अवैध नशीली टेबलेट बिक्री करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
थाना जांजगीर/चौकी नैला पुलिस की बड़ी कार्यवाही
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा,25 जनवरी 2026।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने अवैध रूप से मादक पदार्थ नशीली टेबलेट की बिक्री में संलिप्त एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्यवाही थाना जांजगीर एवं चौकी नैला पुलिस द्वारा की गई।
गिरफ्तार आरोपी का नाम अभिमन्यु गुप्ता उर्फ मन्नू, पिता सुबंश लाल गुप्ता, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम अंगा पटेल पारा, थाना पटना, जिला कोरिया (छत्तीसगढ़) है। आरोपी के विरुद्ध धारा 21(सी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई त्वरित कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री में लिप्त फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष निर्देश जारी किए गए थे। इसी क्रम में फरार आरोपी अभिमन्यु गुप्ता उर्फ मन्नू को गिरफ्तार किया गया।
प्रकरण का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 26 अक्टूबर 2025 को थाना जांजगीर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि सोनू कश्यप नामक व्यक्ति के पास अवैध रूप से भारी मात्रा में नशीली टेबलेट मौजूद है। कार्रवाई करते हुए सोनू कश्यप को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसने नशीली टेबलेट अभिमन्यु गुप्ता उर्फ मन्नू से खरीदना बताया, साथ ही उसके साथी बाबा उर्फ संतोष सूर्यवंशी द्वारा भी नशीली टेबलेट खरीदने की जानकारी दी।
इस पर सोनू कश्यप को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। मामले में फरार आरोपी बाबा उर्फ संतोष सूर्यवंशी को दिनांक 29 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया था। वहीं मुख्य आरोपी अभिमन्यु गुप्ता उर्फ मन्नू घटना के समय से फरार चल रहा था।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी
लगातार पतासाजी के दौरान आरोपी अभिमन्यु गुप्ता उर्फ मन्नू की उपस्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने नशीली टेबलेट सोनू कश्यप को बिक्री करना स्वीकार किया। अपराध प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 25 जनवरी 2026 को न्यायिक रिमांड में भेजा गया।
इन पुलिसकर्मियों का रहा सराहनीय योगदान
इस पूरी कार्यवाही में उप निरीक्षक भवानी सिंह (चौकी प्रभारी नैला),सहायक उप निरीक्षक के.के. कोसले,प्रधान आरक्षक रुद्र नारायण कश्यप,आरक्षक नवीन तरुण,आरक्षक अश्वनी मार्बल,आरक्षक डी.के. साहू ,आरक्षक भुवनेश्वर पटेल का सराहनीय योगदान रहा।