
सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित होंगे दुर्गेश राठौर
NTN NEWS REPORT// जांजगीर। जांजगीर नगर ही नहीं, बल्कि पूरे जांजगीर–चांपा जिले और राठौर समाज के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है कि नगर के मेधावी छात्र रहे दुर्गेश राठौर को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है।
वर्तमान में दुर्गेश राठौर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ हैं। इससे पूर्व वे मध्य प्रदेश के रीवा, शहडोल, सीहोर और छतरपुर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में विभिन्न जिम्मेदार पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहाँ उन्होंने ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और प्रभावी प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया।
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर दुर्गेश राठौर को राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है। यह सम्मान उन्हें आगामी 15 अगस्त को औपचारिक समारोह में प्रदान किया जाएगा। यह पदक देश के चुनिंदा पुलिस अधिकारियों को उनकी विशिष्ट, साहसिक एवं अनुकरणीय सेवाओं के लिए दिया जाता है।
उल्लेखनीय है कि दुर्गेश राठौर जांजगीर नगर के प्रतिष्ठित नागरिक स्वर्गीय इंद्रमन लाल राठौर के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरे नगर और जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है।
राष्ट्रपति पुलिस पदक की घोषणा के बाद जांजगीर नगर में हर्ष का माहौल है। नगरवासियों, समाजजनों, मित्रों, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों द्वारा उन्हें लगातार बधाइयाँ और शुभकामनाएं दी जा रही हैं। सभी ने इसे जांजगीर जिले के लिए एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।
दुर्गेश राठौर की यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह सिद्ध करती है कि समर्पण, परिश्रम और ईमानदारी से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
देखिए आदेश…
