
सड़क सुरक्षा माह में पुलिस का सराहनीय प्रयास, बलौदा क्षेत्र में ड्राइवरों-हेल्परों का स्वास्थ्य परीक्षण, यातायात जागरूकता अभियान तेज
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा,07 जनवरी 2026। जांजगीर-चांपा जिले में 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में यातायात पुलिस एवं बलौदा पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आज बलौदा क्षेत्र के रेडियंट एवं महावीर कोल वासरी में विशेष यातायात जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में 01 जनवरी 2026 से निरंतर संचालित किया जा रहा है।
ड्राइवरों-हेल्परों का स्वास्थ्य परीक्षण
कार्यक्रम के दौरान व्यावसायिक वाहनों के ड्राइवरों एवं हेल्परों का आंखों का परीक्षण (आई टेस्ट) एवं शारीरिक स्वास्थ्य परीक्षण (फिजिकल टेस्ट) कराया गया। जांच के दौरान आंखों की रोशनी, ब्लड प्रेशर, शारीरिक फिटनेस सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई। इसका मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों के स्वास्थ्य की समय-समय पर जांच कर दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक मनोहर सिन्हा (थाना प्रभारी, बलौदा) एवं निरीक्षक लालन पटेल (यातायात) ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, गति सीमा का ध्यान रखने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया।
साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट एवं अन्य सुरक्षा उपायों के महत्व की जानकारी देते हुए जागरूकता संबंधी पंपलेट का वितरण भी किया गया।
बड़ी संख्या में चालक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वाहन चालक एवं हेल्पर उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत इस प्रकार के जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। जांजगीर-चांपा पुलिस का यह प्रयास सड़क सुरक्षा को लेकर समाज में सकारात्मक संदेश दे रहा है।