
खोखरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कल होगा 43वीं सीनियर नेशनल नेटबॉल चैंपियनशिप के लिए फाइनल सिलेक्शन ट्रायल
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में 43वीं सीनियर नेशनल नेटबॉल चैंपियनशिप 2025-26 (महिला एवं पुरुष वर्ग) के लिए फाइनल सिलेक्शन ट्रायल का आयोजन कल 08 जनवरी 2026 को किया जा रहा है। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 11 से 14 जनवरी 2026 तक गाछी बोली, हैदराबाद में आयोजित होगी।
एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी राजेश राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि इसके पूर्व 15वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय नेटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन 6 एवं 7 दिसंबर 2025 को बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ स्कूल मैदान में किया गया था। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पुरुष वर्ग की 16 टीमों एवं महिला वर्ग की 12 टीमों ने सहभागिता की थी।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के पश्चात चयनित 15 पुरुष एवं 16 महिला खिलाड़ियों का कोचिंग कैंप 21 दिसंबर 2025 से 7 जनवरी 2026 तक जांजगीर-चांपा स्थित खोखरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया। इस कैंप के समापन के बाद अब खिलाड़ियों का फाइनल सिलेक्शन ट्रायल आयोजित किया जा रहा है।
फाइनल सिलेक्शन ट्रायल 08 जनवरी 2026 को सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक खोखरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संपन्न होगा। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों का फिटनेस टेस्ट लिया जाएगा, जिसमें उनके खेल कौशल के साथ-साथ यो-यो टेस्ट, शटल रन, 1500 मीटर रनिंग एवं 40 मीटर स्प्रिंट शामिल हैं।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर छत्तीसगढ़ की अंतिम पुरुष एवं महिला टीम (12-12 खिलाड़ी) का चयन किया जाएगा, जो आगामी 43वीं सीनियर नेशनल नेटबॉल चैंपियनशिप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।