
समाज सुरक्षा की नई दिशा: पुलिस अधीक्षक ने ‘समय बैंक’ और नशाबंदी अभियान को दी नई गति
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। आज चांपा नगर के विश्रामगृह में छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा फाउंडेशन के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय उपस्थित थे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चांपा, थाना प्रभारी चांपा सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।

नागरिक सुरक्षा—समाज का साझा दायित्व : अपने प्रभावशाली उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि ‘नागरिक’ शब्द जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय सीमाओं से ऊपर उठकर एकता और भारतीयता का परिचय देता है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा का अर्थ केवल शारीरिक रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक सुरक्षा—नशे से बचाव, गलत संगत से दूरी और मोबाइल जैसी तकनीकों के दुरुपयोग से बचाव—भी आधुनिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा—
“जब मन सुरक्षित होगा, विचार सकारात्मक होंगे, तभी परिवार और समाज सुरक्षित बन पाएंगे।”
नशा-बंदी और काउंसलिंग की महत्वपूर्ण भूमिका : जिले में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक ने फाउंडेशन को नशा पीड़ितों की काउंसलिंग और पुनर्वास में अग्रणी भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि—जिले की लगभग 12 लाख जनसंख्या पर पुलिस की संख्या सीमित है, अतः हर विवाद और हर छोटी-बड़ी समस्या में पुलिस की तत्काल उपस्थिति संभव नहीं, ऐसे में नागरिक सुरक्षा फाउंडेशन समाज और पुलिस के बीच एक मजबूत सेतु बनकर कार्य करे। उन्होंने फाउंडेशन सदस्यों को घरेलू एवं सामाजिक विवादों में संवेदनशील समन्वयक बनने की प्रेरणा दी।
‘समय बैंक’—समाजिक सेवा का अनूठा मॉडल : अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने ‘समय बैंक’ की अभिनव अवधारणा को विस्तार से समझाते हुए कहा कि— यदि हर नागरिक सप्ताह में 1–2 घंटे समाज सेवा को समर्पित करे—
स्वच्छता, पौधारोपण, ट्रैफिक जागरूकता, सामाजिक सहयोग, पीड़ित सहायता आदि— तो यह सेवा ‘समय बैंक’ में जमा होगी।उन्होंने कहा— “किसी दिन यही जमा किया गया समय आपकी जरूरत में आपके काम आएगा। यह ‘समय’ नहीं, समाज के लिए एक मूल्यवान ‘सामाजिक पूंजी’ है।” उन्होंने प्रत्येक नागरिक से प्रत्येक रविवार श्रमदान में जुड़ने की अपील की।
अपराध प्रवृत्ति में सुधार व सामाजिक समन्वय पर जोर : पुलिस अधीक्षक ने कहा कि— संगठन अपराध प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों को सकारात्मक गतिविधियों व रोजगार से जोड़े, समाज से कुरीतियां, असमानताएं और तनाव कम करने की दिशा में काम करे, पुलिस और नागरिक संगठन मिलकर जांजगीर-चांपा को नशामुक्त, सुरक्षित और सद्भावपूर्ण जिला बनाने का लक्ष्य निर्धारित करें।
शपथ ग्रहण एवं शुभकामनाएं : कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई।
उन्होंने कहा— “आपका हर कदम समाज में सहयोग, सुरक्षा और सकारात्मक परिवर्तन की रोशनी फैलाए।” सभी नए पदाधिकारियों को हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारी : डॉ. धनेश्वरी जागृति, शिवेंद्र प्रताप सिंह, गोपाल मित्तल, संगीता पांडेय, अन्नपूर्णा सोनी, अर्चना देवांगन, कल्याणी केसरवान, विद्या राठौर, गौरव तिवारी, प्रदीप यादव, अमरजीत सिंह सलूजा, दीपक गुप्ता, महावीर सोनी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।