
रिंकू सिंह ने की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भेंट—छत्तीसगढ़ में खेल सुविधाओं के विस्तार पर महत्वपूर्ण चर्चा
NTN REPORT// रायपुर 23 नवंबर 25। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ रिंकू सिंह ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने रिंकू सिंह का अभिनंदन शाल और नंदी के प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया। इस दौरान विधायक सुशांत शुक्ला भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री साय ने रिंकू सिंह को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके शानदार प्रदर्शन और भारतीय टीम में दिए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान के लिए शुभकामनाएँ दीं। दोनों के बीच छत्तीसगढ़ की संस्कृति, राज्य में खेलों के बढ़ते दायरे और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए चल रहे प्रयासों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने रिंकू सिंह को बस्तर ओलंपिक की अवधारणा और उससे उभर रही स्थानीय प्रतिभाओं की सफलता के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में अपार क्षमता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस मुलाकात को राज्य में खेलों के विकास की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।