
NTN NEWS REPORT// आज भ्रष्टाचार का एक और बड़ा मामला सामने आया, जहाँ नगर पालिका परिषद के सहायक अभियंता संजय मोटवानी को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई ठेकेदार अजय गायकवाड़ की शिकायत पर की गई।
शिकायत में क्या था मामला?
अजय गायकवाड़, निवासी अमलीडीह रायपुर, ठेकेदारी का कार्य करते हैं। उनके द्वारा नगर पालिका परिषद गरियाबंद के विभिन्न वार्डों में शौचालय मरम्मत का निर्माण कार्य पूरा किया गया था। इस कार्य का 2.50 लाख रुपये का बिल भुगतान होना था।
जब अजय गायकवाड़ ने भुगतान के लिए सहायक अभियंता संजय मोटवानी से संपर्क किया, तो उन्होंने संपूर्ण भुगतान राशि का 50 प्रतिशत यानी 1,25,000 रुपये की रिश्वत की मांग कर दी।
अजय गायकवाड़ रिश्वत देने के पक्ष में नहीं थे और आरोपी को पकड़वाना चाहते थे। इसके बाद उन्होंने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई।
इस तरह हुई ट्रैप कार्रवाई
शिकायत की सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद आज 21 नवंबर को ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। योजना के तहत प्रार्थी द्वारा आरोपी को पहली किश्त के रूप में 30,000 रुपये देने का प्रबंध किया गया।
जैसे ही सहायक अभियंता संजय मोटवानी ने यह राशि स्वीकार की, ACB की टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के घर की तलाशी जारी
ट्रैप के बाद ACB टीम द्वारा आरोपी संजय मोटवानी के निवास स्थान की तलाशी ली जा रही है, ताकि रिश्वतखोरी से जुड़ी अन्य संभावित सामग्री या दस्तावेज भी बरामद किए जा सकें।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ धारा 7, पीसी एक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जा रही है।