
छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत का इस्तीफ़ा, राज्य सरकार और न्यायपालिका के प्रति जताया आभार
NTN NEWS REPORT// बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र राज्यपाल को प्रेषित करते हुए संवैधानिक दायित्व निभाने के अवसर के लिए आभार व्यक्त किया है।
प्रफुल्ल एन भारत ने अपने इस्तीफ़ा पत्र में लिखा है कि वे महाधिवक्ता के पद से त्यागपत्र दे रहे हैं और कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा मंत्रिमंडल के सहयोगियों के प्रति कृतज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष राज्य के हितों की रक्षा जैसे महत्वपूर्ण दायित्व को निभाने में उन्हें नौकरशाहों की एक सक्षम टीम का निरंतर सहयोग प्राप्त हुआ।
महाधिवक्ता ने यह भी कहा कि उन्हें अपने कार्यालय के सहयोगियों, अधिवक्ताओं और बार के सदस्यों का पूरा समर्थन मिलता रहा, जिसके लिए वे हृदय से आभारी हैं। उन्होंने आगे लिखा कि उन्हें राज्य के प्रथम विधि अधिकारी के रूप में सेवा करने का अवसर देने के लिए महामहिम राज्यपाल के प्रति भी गहरा आभार है। साथ ही मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल का भी धन्यवाद व्यक्त किया, जिन्होंने महाधिवक्ता पद के लिए उनकी नियुक्ति की सिफारिश की थी।
प्रफुल्ल एन भारत का यह इस्तीफ़ा राज्य की विधिक व्यवस्था और प्रशासनिक हलकों में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।