
माननीय मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा का रायगढ़, खरसिया, सक्ती एवं जांजगीर-चांपा न्यायालयों का औचक निरीक्षण
NTN NEWS REPORT//बिलासपुर, 24 अक्टूबर 2025।
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के माननीय मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा आज निरीक्षण हेतु रायगढ़ पहुंचे। रायगढ़ से वापसी के दौरान उन्होंने खरसिया, सक्ती न्यायालय के साथ-साथ जिला न्यायालय जांजगीर-चांपा का भी औचक निरीक्षण किया।
वर्तमान में दीपावली पर्व के अवसर पर उच्च न्यायालय में अवकाश चल रहा है, तथापि माननीय मुख्य न्यायाधीश महोदय द्वारा अवकाश अवधि में भी आवश्यक प्रकरणों की सुनवाई की जा रही है। साथ ही राज्यभर में न्यायालयीन व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुचारू बनाए रखने हेतु विभिन्न न्यायालयों का आकस्मिक निरीक्षण भी किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान रायगढ़ जिला न्यायालय में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार सहित अन्य न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि माननीय मुख्य न्यायाधीश महोदय द्वारा पूर्व में भी जिला रायगढ़ का निरीक्षण किया जा चुका है। पूर्व निरीक्षण में पाई गई कमियों के निराकरण पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
रायगढ़ प्रवास के दौरान माननीय मुख्य न्यायाधीश महोदय ने अधिवक्ताओं से मुलाकात की, जिनके द्वारा उनके आगमन पर हर्ष व्यक्त किया गया। इसके उपरांत उन्होंने न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक कर पुराने लंबित प्रकरणों की जानकारी ली तथा उन्हें नियमों के अनुसार प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए।
मुख्य न्यायाधीश महोदय ने तत्पश्चात खरसिया सिविल न्यायालय के नवीन भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिवक्ताओं से संवाद किया गया तथा न्यायिक अधिकारियों की बैठक लेकर पार्किंग में उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद सक्ति न्यायालय का निरीक्षण किया गया, जहाँ न्यायालयीन कक्षों एवं विभिन्न अनुभागों का अवलोकन कर सभी व्यवस्थाएँ संतोषजनक पाई गईं। अधिवक्तागणों ने उनके स्वागत में उत्साहपूर्वक भाग लिया। 
अंत में माननीय मुख्य न्यायाधीश सिन्हा ने जिला न्यायालय जांजगीर-चांपा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। न्यायिक अधिकारियों को प्रकरणों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निराकरण हेतु दिशा-निर्देश दिए गए। न्यायालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। अधिवक्ताओं से भी उन्होंने चर्चा की और उनके सुझाव सुने।
इस औचक निरीक्षण के दौरान माननीय मुख्य न्यायाधीश महोदय के साथ रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव, संयुक्त रजिस्ट्रार (पीपीएस) एम.वी.एल.एन. सुब्रहमन्यम तथा प्रोटोकॉल अधिकारी आर.एस. नेगी उपस्थित रहे।⁴³ मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा के सतत प्रयासों से छत्तीसगढ़ राज्य की न्यायालयीन व्यवस्था में पारदर्शिता, दक्षता एवं सकारात्मक परिवर्तन निरंतर परिलक्षित हो रहे हैं।