Advertisment
Advertisment
स्थानीय समाचार / शहर की खबरें

एसबीआई मुख्य शाखा जांजगीर में पेंशनरों की बैठक सम्पन्न , छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ के पदाधिकारी व सदस्य हुए शामिल

NTN NEWS REPORT// जांजगीर। भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा जांजगीर में पेंशनरों के कल्याणार्थ एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक गत शुक्रवार 26 सितंबर को मुख्य शाखा प्रबंधक श्रीमती ज्योत्सना सिंह के नेतृत्व में सम्पन्न हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बैठक की शुरुआत मुख्य शाखा प्रबंधक द्वारा सभी पेंशनरों की कुशलक्षेम पूछते हुए की गई। उन्होंने पेंशनरों को बैंक की अद्यतन नीतियों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान साइबर ठगी से बचाव, बड़ी राशि को सुरक्षित रखने, एमओडी और फिक्स डिपॉजिट जैसी योजनाओं को अपनाने, सुकन्या समृद्धि योजना सहित अन्य निवेश विकल्पों के लाभ, पेंशनरों को मिलने वाली ऋण सुविधाओं और उच्च ब्याज दर वाले खातों के बारे में विस्तार से बताया गया।

बैठक में यह भी घोषणा की गई कि हर माह 1 से 10 तारीख तक पेंशनरों के लिए काउंटर नंबर 4 पर विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। दीपावली से पूर्व सीमित मात्रा में नए नोट उपलब्ध कराने, सभी खातों में नॉमिनेशन सुनिश्चित करने तथा आगामी 1 नवंबर से पेंशनर एवं परिवार पेंशनरों के जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की सुविधा शाखा में उपलब्ध रहेगी।

बैठक में उपस्थित पेंशनरों ने बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी समस्याओं और सुझाव भी साझा किए। प्रबंधक ने आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

बैठक में छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष आर. के. थवाईत, प्रांतीय सलाहकार इंजीनियर आर. एस. क्षत्रिय, पदाधिकारी श्रीमती कविता तिवारी, सुरेंद्र सिंह राठौर, इंजीनियर सोहन डहरिया, इंजीनियर देवी प्रसाद राठौर, इंजीनियर बी. पी. निर्मलकर, विनीत सालोमन सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। वहीं बैंक की ओर से सहायक प्रबंधक व अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।

संघ के जिला अध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रवक्ता संतोष राठौर ने बैठक के सफल आयोजन पर बैंक प्रबंधन को धन्यवाद ज्ञापित किया और प्रत्येक तिमाही में ऐसी बैठक आयोजित करने का आग्रह किया, जिसे मुख्य शाखा प्रबंधक ने स्वीकार किया।

बैठक के अंत में संघ की गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई। जिला अध्यक्ष ने बताया कि अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर फेडरेशन के आव्हान पर हाल ही में 17 सितंबर को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित एक दिवसीय महाधरना कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से प्रदेश अध्यक्ष आर. के. थवाईत, महामंत्री सुंदर सिंह, अशोक राठौर सहित अन्य पेंशनरों ने भाग लिया। दिल्ली धरना में शामिल साथियों का उपस्थित सदस्यों द्वारा तालियों से स्वागत किया गया।

इस तरह एसबीआई जांजगीर की पहल पेंशनरों के लिए उपयोगी व मार्गदर्शक सिद्ध हुई।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!