
जांजगीर-चांपा : कृषि अधिकारियों का 9 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन, सरकार को उग्र आंदोलन की चेतावनी
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ ने अपनी 9 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर विरोध तेज कर दिया है। संघ के जिलाध्यक्ष रजनीकांत राठौर एवं साथियों के नेतृत्व में कृषि अधिकारियों ने विभिन्न चरणों में आंदोलन कर मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री को चेतावनी दी है।
संघ ने 8 और 9 सितंबर को काली पट्टी लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद 15 सितंबर को काम बंद आंदोलन कर ज्ञापन सौंपा गया। बावजूद इसके सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं हुई। इसी कड़ी में 23 सितंबर को कृषि अधिकारियों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन व रैली आयोजित कर पुनः मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री के नाम एसडीएम जांजगीर को ज्ञापन सौंपा।
कृषि अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी मांगे पूरी नहीं की गईं तो आने वाले दिनों में आंदोलन और भी उग्र होगा।
कृषि अधिकारियों की 9 सूत्रीय प्रमुख मांगें
1. ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों का वेतनमान संशोधन (4300 ग्रेड पे)।
2. ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों एवं कृषि विकास अधिकारियों के कार्यक्षेत्र का पुनर्निर्धारण।
3. ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों का मासिक स्थायी भत्ता बढ़ाकर 2500 रुपए किया जाए।
4. कार्य संपादन हेतु मोबाइल, इंटरनेट, लैपटॉप, स्टेशनरी आदि संसाधन भत्ता उपलब्ध कराया जाए।
5. अतिरिक्त प्रभार की स्थिति में सम्मानजनक अतिरिक्त क्षेत्र भत्ता दिया जाए।
6. ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी का पदनाम बदलकर मध्यप्रदेश शासन की तर्ज पर कृषि विस्तार अधिकारी किया जाए।
7. गैर विभागीय कार्यों (जैसे फसल गिरदावरी, क्रॉप सर्वे, पंचायत कार्य, धान उपार्जन केंद्र, स्कूल परीक्षा पर्यवेक्षण आदि) में कृषि अधिकारियों की ड्यूटी न लगाई जाए।
8. आदान सामग्री का भंडारण सेवा सहकारी समितियों में किया जाए एवं अनुदान राशि के भुगतान हेतु डीबीटी प्रणाली लागू हो।
9. ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से कृषि विकास अधिकारी पद पर लंबित पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाए।