Advertisment
Advertisment
अपराधजांजगीर-चांपा

एसपी कार्यालय में हंगामा करने वाला युवक गिरफ्तार, महिला स्टाफ से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की के बाद भेजा गया जेल

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 02 जून 2026। जांजगीर-चांपा पुलिस ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हंगामा कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, महिला स्टाफ से अभद्र व्यवहार करने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसपी कार्यालय पहुंचकर तत्काल पावती देने का बनाया दबाव

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 को दोपहर लगभग 2:30 बजे ग्राम सेमरा निवासी 34 वर्षीय पंकज कुमार चौबे पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जांजगीर पहुंचा। उसने अजाक-जवाक शाखा में एक आवेदन प्रस्तुत किया और तत्काल उसकी पावती देने का दबाव बनाने लगा।

ड्यूटी पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी द्वारा आवेदन का अवलोकन करने के बाद पावती जारी करने की प्रक्रिया बताई गई। इस पर आरोपी नाराज हो गया और कथित रूप से महिला स्टाफ के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए विवाद शुरू कर दिया।

महिला स्टाफ से अभद्रता, अधिकारियों से भी की धक्का-मुक्की

पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला कर्मचारी से कहा कि आवेदन पढ़ने का अधिकार उसे नहीं है और बिना किसी प्रक्रिया के तत्काल पावती देने की मांग करने लगा। जब स्टाफ ने नियमानुसार कार्यवाही की बात कही तो वह आक्रोशित हो गया।

स्थिति बिगड़ने पर कार्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उसने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की तथा झूठे मामलों में फंसाने की धमकी भी दी। इस दौरान कार्यालय का कार्य प्रभावित हुआ और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।

पुलिस ने तत्काल दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली जांजगीर में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 405/2026 दर्ज किया गया।

आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 221, 121(1), 132, 296 एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

पूछताछ के बाद किया गया गिरफ्तार

थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी पंकज कुमार चौबे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही प्रमुख भूमिका

पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक कमल दास बनर्जी, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, आरक्षक नितेश विश्वकर्मा, शंकर राजपूत, दिलीप सिंह तथा तोरन डहरिया की विशेष भूमिका रही।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!