Advertisment
राज्य/शहर

वर्ल्ड कप विजेता महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

मुख्यमंत्री बोले – आपकी सफलता पूरे छत्तीसगढ़ की सफलता, आकांक्षा को दी 10 लाख की सम्मान राशि

NTN NEWS REPORT// रायपुर, 09 नवंबर 2025।
विश्वकप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की  फिजियोथेरेपिस्ट और छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी ने आज मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने आकांक्षा को विश्व कप अभियान में उनके योगदान के लिए बधाई देते हुए कहा कि आपकी यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। आपकी सफलता ने हर छत्तीसगढ़ वासी को इस जीत में शामिल किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आकांक्षा को मेडल पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने 10 लाख रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आकांक्षा ने यह साबित किया है कि छत्तीसगढ़ की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल, शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश के और भी युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकें। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार खेल अलंकरण सम्मान को पुनः प्रारंभ कर रही है तथा ओलंपिक में भाग लेने और मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों के माध्यम से सुदूर अंचल की खेल प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य राज्य सरकार निरंतर कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और इसी दिशा में कई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

“छत्तीसगढ़ की मिट्टी ने दी आगे बढ़ने की ताकत” : आकांक्षा सत्यवंशी

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान आकांक्षा ने कहा – “छत्तीसगढ़ मेरी जन्मभूमि और कर्मभूमि है। यहीं की मिट्टी, लोग, शिक्षा और संस्कारों ने मुझे यह मुकाम हासिल करने की ताकत दी है।”
उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट टीम की जीत भारतीय क्रिकेट के साथ ही छत्तीसगढ़ का भी सम्मान है। “मैं भले ही मैदान में सक्रिय खिलाड़ी नहीं थी, पर खिलाड़ियों की मानसिक और शारीरिक फिटनेस बनाए रखने की जिम्मेदारी मेरी थी। मैं अपनी टीम के साथ हर चुनौती में चट्टान की तरह खड़ी रही। यह मेरे लिए गर्व का क्षण है कि मैं टीम की जीत की यात्रा का हिस्सा रही।”

आकांक्षा ने कहा कि अगर लक्ष्य सच्चा हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। “निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है।”

फिटनेस पर चर्चा : मुख्यमंत्री ने बताया अपना ‘राज’

मुलाकात के दौरान आकांक्षा ने मुख्यमंत्री से खिलाड़ियों की फिटनेस पर चर्चा की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ महिला टीम की मुलाकात का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री हमेशा कहते हैं कि खेल जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए — यही संदेश हम सबके लिए प्रेरणा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की सक्रियता, ऊर्जा और अनुशासन से हम सभी सीखते हैं। उन्होंने बताया कि “संतुलित आहार, योग और नियमित दिनचर्या ही हमारी फिटनेस का राज है।”

छत्तीसगढ़ की बेटी की राष्ट्रीय पहचान

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वर्ल्ड कप जीत के पीछे छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी की अहम भूमिका रही। उन्होंने बतौर फिजियोथेरेपिस्ट और स्पोर्ट्स साइंस विशेषज्ञ टीम के साथ मिलकर खिलाड़ियों की फिटनेस और मानसिक दृढ़ता बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

दुर्ग में जन्मी आकांक्षा का परिवार रायपुर में निवास करता है, जबकि उनका पैतृक गांव कवर्धा है। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा और फिजियोथैरेपी में स्नातक की पढ़ाई छत्तीसगढ़ में पूरी की, जबकि मास्टर्स की डिग्री कटक से प्राप्त की। पढ़ाई के दौरान ही उनका झुकाव खेल और स्पोर्ट्स साइंस की दिशा में बढ़ता गया।

साल 2019 में आकांक्षा ने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट टीम (CSCS) के साथ बतौर फिजियोथेरेपिस्ट अपने पेशेवर करियर की शुरुआत की। सिर्फ छह वर्षों के भीतर उन्होंने अपनी मेहनत, निष्ठा और पेशेवर योग्यता से राष्ट्रीय खेल जगत में पहचान बनाई। वर्ष 2022 में उन्हें भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के साथ वर्ल्ड कप अभियान में शामिल किया गया। उस दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, रिकवरी सेशन, मानसिक दृढ़ता और ऊर्जा संतुलन पर उनके योगदान ने टीम को लगातार शानदार प्रदर्शन करने में मदद की।

फिटनेस का मंत्र – योग, संयम और अनुशासन

आकांक्षा ने बताया कि “फिट रहने के लिए नियमित दिनचर्या, संयमित खानपान और योग सबसे बड़ा मंत्र है।” उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे, तो जीवन की हर चुनौती को सहजता से पार किया जा सकता है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!