Advertisment
स्थानीय समाचार / शहर की खबरें

भाजपा बनाएगी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को जनआंदोलन : चंदेल

मतदाता सूची का दो बार मिलान कर फर्जी मतदान पर लगेगा रोक

NTN NEWS REPORT// जांजगीर। भाजपा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) को जनआंदोलन के रूप में चलाने का संकल्प लिया है। शनिवार को जांजगीर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को इस अभियान की रूपरेखा बताई गई।

बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता नारायण चंदेल ने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता सूची के नामों का दो बार मिलान अवश्य करें ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका पहले की तरह निर्णायक रहेगी, जिससे बूथ समितियां और अधिक सशक्त होंगी।

चंदेल ने कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों और दुष्प्रचार के बीच भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बने। उन्होंने कहा — “फर्जी मतदान रोकना ही एसआईआर अभियान का प्रमुख लक्ष्य है। कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्रहितों का विरोध किया और फर्जी मतदान को बढ़ावा दिया है, लेकिन भाजपा इस अभियान के माध्यम से ऐसे मतदाताओं को चिन्हित कर लोकतंत्र की शुचिता बनाए रखेगी।”

उन्होंने आगे कहा कि आगामी 100 दिनों में भाजपा कार्यकर्ताओं का समर्पण जिले की राजनीतिक दिशा तय करेगा। मंडल स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि अभियान की प्रगति पर निरंतर निगरानी रखी जा सके।

सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाएंगे कार्यकर्ता : प्रशांत सिंह ठाकुर

प्रदेश सोशल मीडिया भाजपा के पूर्व प्रभारी एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रशांत सिंह ठाकुर ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने में सोशल मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।

उन्होंने कहा — “हमारे कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर वही जानकारी साझा करें, जिसकी उन्हें पूर्ण जानकारी हो। भ्रामक या अधूरी जानकारी से बचें। हमारा उद्देश्य आमजन तक सटीक और सकारात्मक संदेश पहुंचाना होना चाहिए।” ठाकुर ने बताया कि कैसे सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से लोगों में जागरूकता फैलाई जा सकती है और अभियान की सही दिशा में सूचना प्रसारित की जा सकती है।

उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया संचालन, सामग्री चयन और प्रचार रणनीति की विस्तृत जानकारी दी तथा आग्रह किया कि इस अभियान को तकनीकी माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।

कार्यशाला में रहे प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित

कार्यशाला में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रशांत सिंह ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा गढ़वाल, नवागढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष अर्चना देवांगन, जिला उपाध्यक्ष आशुतोष गोस्वामी, पंकज अग्रवाल, कार्यक्रम के जिला प्रभारी विकास शर्मा, अमर सुल्तानिया, विवेका गोपाल, जिला मंत्री संतोषी दुबे, मंडल अध्यक्ष हितेश यादव, ध्वजाराम साहू, समर्थ सिंह और संतोष थवाईत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!