NTN REPORT// कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत खनन को लेकर चल रहा पुराना विवाद मंगलवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में हुए हिंसक विवाद के दौरान एक फॉर्च्यूनर वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। इस दर्दनाक घटना में भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए जांच शुरू कर दी है।
रास्ता रोककर वाहन पर हमला, आग लगाने का आरोप
जानकारी के अनुसार नौगई गांव में रेत उत्खनन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि एक पक्ष भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह से जुड़ा था, जबकि दूसरा पक्ष मनोज त्रिपाठी और उनके परिवार से संबंधित बताया जा रहा है।
मंगलवार रात दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि मनोज त्रिपाठी पक्ष के लोगों ने रास्ता रोककर फॉर्च्यूनर वाहन को घेर लिया। वाहन में भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह, उनके भाई शिक्षक नागेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह सहित अन्य लोग सवार थे।
आरोप है कि पहले वाहन को ट्रक से टक्कर मारी गई और इसके बाद फॉर्च्यूनर में आग लगा दी गई। वाहन लॉक होने के कारण अंदर बैठे लोग समय पर बाहर नहीं निकल सके और आग की चपेट में आ गए।
भाजपा नेता समेत तीन की मौत
घटना में भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से झुलसे वीरेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
तीसरे मृतक नागेंद्र सिंह थे, जो घटना में करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गए थे। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
घायलों को पहले अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गया। सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा देर रात कोरिया पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मामले में नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी शामिल हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
हत्या और हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मामला
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रेत उत्खनन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आए, जिसके बाद मारपीट और हिंसक झड़प हुई।
उन्होंने बताया कि फॉर्च्यूनर वाहन में आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आईं सामने
घटना पर विधायक भैयालाल राजवाड़े ने दुख जताते हुए कहा कि कोरिया जिले के इतिहास में इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हुआ था।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भी घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।