
कांग्रेस का महिलाओं को आरक्षण नहीं देने का असली चेहरा उजागर : विकास शर्मा
महिलाओं के अधिकारों पर दोहरी राजनीति कर रही कांग्रेस, माफी मांगे – भाजपा
NTN NEWS REPORT// जांजगीर चाम्पा। महिलाओं को आरक्षण देने के मुद्दे पर कांग्रेस की भूमिका को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रवक्ता विकास शर्मा ने कहा है कि महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की बड़ी-बड़ी बातें करने वाली कांग्रेस जब अधिकार देने की बारी आती है, तब अपनी महिला विरोधी मानसिकता उजागर कर देती है। उन्होंने इसे घोर निंदनीय और शर्मनाक बताया।
विकास शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। चुनाव के समय झूठे वादे करना और बाद में महिलाओं के अधिकारों से मुंह मोड़ लेना कांग्रेस की पुरानी कार्यशैली रही है। उनका कहना है कि महिलाओं के आरक्षण का विरोध करना देश की आधी आबादी का अपमान है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ में डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार ने पंचायत चुनाव में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू कर ऐतिहासिक कदम उठाया था। इस निर्णय से हजारों महिलाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में आने का अवसर मिला और वे आत्मनिर्भर बनीं। उन्होंने कहा कि यह भाजपा की नीयत और नीति दोनों को स्पष्ट करता है कि पार्टी महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
विकास शर्मा ने आगे कहा कि एक ओर भाजपा महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाती है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों से समझौता करती रही है। उन्होंने कांग्रेस से महिलाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और अपनी महिला विरोधी सोच पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
उन्होंने विश्वास जताया कि देश और प्रदेश की महिलाएं कांग्रेस की कथित दोहरी राजनीति को समझ चुकी हैं और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देंगी।