
NTN NEWS REPORT// रायपुर, 16 अक्टूबर 2025 —
छत्तीसगढ़ शासन ने आज एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रदेश के विभिन्न निगम, मंडल और आयोगों में दायित्व संभाल रहे अध्यक्षों और उपाध्यक्षों को कैबिनेट मंत्री एवं राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान किया है। इस निर्णय से राज्य में जनसेवा, सुशासन और विकास के कार्यों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

राज्य सरकार के इस फैसले पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी पदाधिकारियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि— “मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी जनसेवा, सुशासन और विकास के हमारे संकल्प को और अधिक गति देंगे तथा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ की प्रगति यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ेगा। राज्य शासन को विश्वास है कि इन पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से प्रदेशमें जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होगा और जनता तक शासन की योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री साय ने अंत में सभी को उनके नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी केवल पद नहीं बल्कि जनता की सेवा और विकास की दिशा में एक नया दायित्व है, जिसे निष्ठा और समर्पण से निभाना होगा।