Advertisment
Advertisment
अपराधराज्य/शहर

रील से रियल बना क़त्ल का मास्टर प्लान: ‘दृश्यम’ से प्रेरित होकर पत्नी ने प्रेमी संग कराई पति की हत्या

NTN NEWS REPORT// आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में थाना सैयां क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और प्रेमी के दोस्त को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया है। अवैध संबंधों के चलते रची गई साजिश के तहत लोकेंद्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

खेत में मिला अधजला शव, मचा हड़कंप

कुछ दिन पहले थाना सैयां क्षेत्र के एक खेत में लोकेंद्र का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव पर जलाने के प्रयास के निशान थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पांच टीमों का गठन कर जांच शुरू की।

शराब की बोतल और कागज का टुकड़ा बना अहम सुराग

घटनास्थल से पुलिस को शराब की खाली बोतल और एक कागज का टुकड़ा मिला। जांच के दौरान पुलिस ने शराब की बोतल पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन किया, जिससे संबंधित शराब ठेके का पता चला। वहां से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज में महेश और धर्मवीर शराब खरीदते हुए दिखाई दिए।

प्रतीकात्मक तस्वीर

वहीं कागज के टुकड़े के आधार पर पुलिस एक फल विक्रेता तक पहुंची। फल विक्रेता ने बताया कि वह उसी प्रकार के कागज में फल लपेटकर देता है। इन दोनों सुरागों ने जांच को निर्णायक दिशा दी।

पूछताछ में खुला अवैध संबंध का राज

पुलिस ने महेश और धर्मवीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ। महेश ने बताया कि उसके मृतक की पत्नी से अवैध संबंध थे। लोकेंद्र को इस संबंध की जानकारी हो गई थी और उसने इसका विरोध भी किया था। इतना ही नहीं, लोकेंद्र ने इस संबंध की जानकारी परिवार और आसपास के लोगों को भी दे दी थी।

इसी बात से नाराज होकर पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर लोकेंद्र की हत्या की साजिश रची।

पहले शराब पिलाई, फिर गला दबाकर हत्या

योजना के तहत जिस दिन लोकेंद्र घर से निकला, उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी को सूचना दी। रास्ते में लोकेंद्र को रोककर तीनों उसे खेत में ले गए। वहां पहले उसे शराब पिलाई गई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद पहचान छुपाने के लिए आरोपियों ने शव पर शराब और पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की, ताकि साक्ष्य नष्ट हो जाएं।

‘दृश्यम’ फिल्म से ली थी प्रेरणा

पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने फिल्म ‘दृश्यम’ से प्रेरणा लेकर साजिश रची थी। हालांकि वे पूरी तरह सबूत मिटाने में सफल नहीं हो सके। हत्या के बाद आरोपी सामान्य व्यवहार करते रहे और घर जाकर जश्न भी मनाया।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, साक्ष्य बरामद

प्राप्त जानकारी अनुसार पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी महेश और धर्मवीर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं।

फिलहाल सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!