Advertisment
खेल

विश्व विजेता बनने की फाइनल जंग आज टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत-न्यूजीलैंड के बीच महामुकाबला, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से भिड़ंत

NTN NEWS REPORT// अहमदाबाद। आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला रविवार शाम 7 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों ही टीमों ने सेमीफाइनल में दमदार प्रदर्शन करते हुए खिताबी जंग में जगह बनाई है।


सेमीफाइनल में ऐसा रहा दोनों टीमों का सफर

भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल का टिकट कटाया, जबकि न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को मात देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। दोनों टीमों का आत्मविश्वास चरम पर है और फाइनल में कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।


2023 के दर्द की यादें, 2024 की जीत से मिला था मरहम

इसी मैदान पर 19 नवंबर 2023 को खेले गए वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था, जिससे करोड़ों भारतीय प्रशंसकों का दिल टूटा था। करीब 93 हजार दर्शकों से भरा स्टेडियम उस दिन खामोश हो गया था।

हालांकि भारत ने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतकर उस दर्द को काफी हद तक कम किया। अब कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है।


इतिहास रचने का मौका: लगातार दूसरा खिताब?

अगर भारत यह मुकाबला जीतता है तो वह टी20 वर्ल्ड कप खिताब को सफलता पूर्वक डिफेंड करने वाली पहली टीम बन जाएगी। साथ ही भारत तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम कर सकता है। इससे पहले भारत 2007 और 2024 में यह खिताब जीत चुका है।


न्यूजीलैंड के मजबूत हथियार

न्यूजीलैंड की टीम संतुलित और आक्रामक नजर आ रही है। कप्तान मिचेल सेंटनर के नेतृत्व में टीम ने शानदार खेल दिखाया है।

टीम में फिन एलन, ग्लेन फिलिप्स और डैरिल मिचेल जैसे खिलाड़ी हैं, जो किसी भी समय मैच का रुख पलट सकते हैं। तेज गेंदबाजी में लॉकी फर्ग्यूसन और काइल जैमीसन भी भारत के लिए चुनौती पेश करेंगे।


भारत के लिए ट्रंप कार्ड कौन?

भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हो सकते हैं। उनकी चार ओवर की धारदार गेंदबाजी मैच की दिशा तय कर सकती है। सेमीफाइनल में भी उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अहम भूमिका निभाई थी।

इसके अलावा हार्दिक पंड्या और अर्शदीप सिंह डेथ ओवर्स में निर्णायक साबित हो सकते हैं।


प्लेइंग इलेवन पर नजर: क्या होगा बदलाव?

अभिषेक शर्मा टूर्नामेंट से पहले शानदार फॉर्म में थे, लेकिन वर्ल्ड कप में अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। अगर उन्हें मौका मिलता है तो न्यूजीलैंड के ऑफ स्पिनर कोल मैककॉन्ची उनके खिलाफ शुरुआती ओवरों में गेंदबाजी कर सकते हैं।

वहीं स्पिन विभाग में वरुण चक्रवर्ती हाल के मैचों में प्रभावी नहीं दिखे हैं। ऐसे में संभावना है कि फाइनल में उनकी जगह कुलदीप यादव को मौका दिया जा सकता है।


भारतीय टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, वॉशिंगटन सुंदर।


न्यूजीलैंड टीम

मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, टिम सिफर्ट, रचिन रविंद्र, मार्क चैपमैन, ग्लेन फिलिप्स, डैरिल मिचेल, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, कोल मैककॉन्ची, काइल जैमीसन, जैकब डफी, डेवोन कॉनवे, जिमी नीशम, ईश सोढ़ी।


अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या भारत लगातार दूसरा टी20 खिताब जीतकर इतिहास रचेगा या न्यूजीलैंड पहली बार ट्रॉफी उठाकर नया अध्याय लिखेगा। रविवार की शाम क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार होने वाली है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!