Advertisment
Advertisment
अपराधछत्तीसगढ़

तहसील कार्यालय का स्टेनो टायपिस्ट रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

NTN REPORT// एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) जगदलपुर की टीम ने तहसील कार्यालय फरसगांव में पदस्थ स्टेनो टायपिस्ट को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्मचारी पर नामांतरण कार्य के लिए रिश्वत मांगने का आरोप है।जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बिसु लाल नेताम निवासी पाटला, जिला कोंडागांव ने एंटी करप्शन ब्यूरो जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि ग्राम पाटला में उनकी पैतृक भूमि है, जिसमें उनके पिता, चाचा और बड़ी मां का नाम जुड़वाने (नामांतरण) के लिए उन्होंने तहसील कार्यालय फरसगांव में ऑनलाइन आवेदन किया था।

इस कार्य के लिए तहसील कार्यालय फरसगांव में पदस्थ स्टेनो टायपिस्ट मुकेश रंगारी से मुलाकात करने पर आरोपी ने नामांतरण प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में 35 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

प्रार्थी रिश्वत देना नहीं चाहता था, बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़वाना चाहता था। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी ने बातचीत के बाद रिश्वत राशि कम करते हुए 10 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई।

इसके बाद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने 30 जून 2026 को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। निर्धारित योजना के अनुसार आरोपी मुकेश रंगारी, स्टेनो टायपिस्ट तहसील कार्यालय फरसगांव को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!