NTN REPORT// उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में 24 वर्षीय नवविवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका की सास पूनम और चचिया ससुर विनोद को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस मृतका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को भी गिरफ्तार कर चुकी है। मामला कथित दहेज हत्या और प्रताड़ना से जुड़ा बताया जा रहा है।

छत से गिरने के बाद हुई थी दीपिका की मौत
गौतमबुद्ध नगर पुलिस के अनुसार, यह मामला ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव का है। रविवार रात दीपिका की अपने तीन मंजिला ससुराल की छत से गिरने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए सुनियोजित हत्या का आरोप लगाया।
मृतका के पिता संजय नागर की शिकायत पर 17 मई को इकोटेक-3 थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने उसी मामले में कार्रवाई करते हुए बुधवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मौत से पहले बेटी ने पिता को किया था फोन
एफआईआर के मुताबिक, घटना से कुछ समय पहले दीपिका ने अपने पिता को फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट कर रहा है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दीपिका को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिवार के अनुसार, आरोपी पक्ष टोयोटा फॉर्च्यूनर एसयूवी और 45 से 50 लाख रुपये नकद की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर दीपिका के साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाता था।
दिसंबर 2024 में हुई थी शादी
दीपिका की शादी दिसंबर 2024 में हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ महीनों बाद ही ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी थी। इसके बाद से लगातार प्रताड़ना का दौर चलता रहा।
परिजनों का कहना है कि दीपिका कई बार अपनी पीड़ा परिवार को बता चुकी थी, लेकिन सामाजिक दबाव और रिश्ते बचाने की कोशिश में मामला शांत कराने का प्रयास किया गया।
शरीर पर मिले गंभीर चोटों के निशान
दीपिका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। उन्होंने दावा किया कि कुछ घाव ऐसे लग रहे थे मानो किसी नुकीली वस्तु या पेचकस से हमला किया गया हो।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सिर में गंभीर ब्लीडिंग, आंतरिक अंगों के फटने और शरीर पर कई चोटों की पुष्टि हुई है। पुलिस ने विसरा सैंपल सुरक्षित रखकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
पोस्टमार्टम की कराई गई वीडियोग्राफी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद जरूरत पड़ने पर मामले में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
कुल सात आरोपी नामजद, तीन अभी फरार
इकोटेक-3 थाना पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 और धारा 80(2) के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961 की धारा 3 और 4 भी लगाई गई हैं।
एफआईआर में कुल सात लोगों को नामजद किया गया है। अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
दहेज हत्या को लेकर इलाके में आक्रोश
दीपिका की मौत के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने भी दोषियों को सख्त सजा दिलाने की अपील की है।
यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।