
NTN NEWS REPORT// रायपुर, 15 मार्च 2026। राजधानी में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा 14 मार्च की रात विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 132 नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

आठ स्थानों पर चला विशेष अभियान
अभियान एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में शहर के आठ अलग-अलग स्थानों पर चलाया गया। यातायात थाना प्रभारियों और स्टाफ की संयुक्त टीमों ने देर रात तक चेकिंग कर शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए 132 वाहन चालकों को पकड़ा। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत चालान की कार्रवाई की गई है। संबंधित चालकों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
जनवरी से अब तक 1100 से अधिक पर कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 की शुरुआत से अब तक करीब 1100 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि शराब के नशे में वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है और इससे चालक के साथ-साथ अन्य राहगीरों की जान भी जोखिम में पड़ती है।
टारगेट नहीं, सुरक्षा है उद्देश्य
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान किसी लक्ष्य (टारगेट) की पूर्ति के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। ड्रंक एंड ड्राइव को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और आगे भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
आम नागरिकों से अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं। सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे।