
NTN NEWS REPORT// दुर्ग, 15 मार्च 2026। थाना पुलगांव, जिला दुर्ग पुलिस ने अवैध अफीम खेती और तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की), ₹1,29,000 नगद राशि, दो मोबाइल फोन और डोडा को चुक्की बनाने में प्रयुक्त मिक्सी (जार सहित) बरामद की है। कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई।
पहले भी चार आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी जेवरा–सिरसा में अपराध क्रमांक 247/2026, धारा 8, 18, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत ग्राम समोदा में अवैध अफीम की खेती का मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में पूर्व में विकास बिश्नोई, विनायक ताम्रकार, मनीष उर्फ गोलू ठाकुर और छोटू राम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
रिमांड पूछताछ में खुलासा
पुलिस रिमांड के दौरान विकास बिश्नोई से पूछताछ में खुलासा हुआ कि अवैध रूप से उगाई गई अफीम से तैयार डोडा (अफीम फल) को अन्य व्यक्तियों द्वारा खरीदकर अपने होटल/ढाबा में रखा जाता था और वहीं से उसका विक्रय किया जाता था। साथ ही आगे तैयार होने वाले डोडा को भी खरीदने की योजना बनाई गई थी।
होटल और ढाबा में रेड, बड़ी बरामदगी
प्राप्त सूचना, तकनीकी साक्ष्य और मेमोरण्डम कथन के आधार पर 15 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने बेमेतरा–सिमगा रोड स्थित ग्राम कठिया में स्थित श्री रामदेव होटल और राजस्थानी हाईवे ढाबा में एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए रेड कार्रवाई की।
रेड के दौरान आरोपी रणछोड़ राम उर्फ रणजीत के होटल के कमरे से 304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की), ₹1,29,000 नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं आरोपी सुनील देवासी के पास से डोडा को चुक्की बनाने में प्रयुक्त मिक्सी (जार सहित) और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।
आरोपी कौन हैं?
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
- रणछोड़ राम उर्फ रणजीत (उम्र लगभग 50 वर्ष), निवासी ग्राम कुड़ी, थाना कल्याणपुर, जिला बालोतरा (राजस्थान), हाल मुकाम ग्राम कठिया, जिला बेमेतरा (छत्तीसगढ़)।
- सुनील देवासी (उम्र लगभग 28 वर्ष), निवासी ग्राम कुड़ी, थाना कल्याणपुर, जिला बालोतरा (राजस्थान), हाल मुकाम ग्राम कठिया, थाना कोतवाली बेमेतरा (छत्तीसगढ़)।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विवेचना जारी है।
जप्त सामग्री
- 304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की)
- ₹1,29,000 नगद राशि
- दो मोबाइल फोन
- डोडा को चुक्की बनाने में प्रयुक्त मिक्सी (जार सहित)
संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में ACCU दुर्ग, थाना पुलगांव और चौकी जेवरा–सिरसा की संयुक्त पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन या व्यापार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।