
जांजगीर-चांपा पुलिस की सख्त कार्रवाई : नवरात्रि पर्व में 1700 स्टील कड़े जब्त
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा, 27 सितम्बर 2025। नवरात्रि पर्व के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने नैला मां दुर्गा पंडाल एवं मेले के क्षेत्र में युवकों से करीब 1700 स्टील के कड़े उतरवाकर जमा कराए, जिनका संभावित उपयोग झगड़े या हमलों में किया जा सकता था।
पुलिस के मुताबिक, कुछ कड़े इतने भारी और नुकीले थे कि उन्हें हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता था।
कार्रवाई के मुख्य बिंदु
संदिग्ध युवकों की पहचान – मेले में संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त युवकों पर नजर रखी गई।
कड़े निकलवाना – युवकों से स्टील के कड़े उतरवाकर सुरक्षित रूप से जमा किए गए।
सुरक्षा तैनाती – दुर्गा पंडाल एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।
पुलिस पेट्रोलिंग – संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी हेतु लगातार पेट्रोलिंग।
रात्रि गश्त – त्योहार के दौरान विशेष रात्री गश्त सुनिश्चित की गई।
अतिरिक्त पुलिस बल की सक्रियता : इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार, तथा निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय (थाना प्रभारी जांजगीर) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार पंडाल और मेले में गश्त की। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं।
पुलिस की अपील : पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। जनता से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
पुलिस द्वारा इस अभियान की फोटो और वीडियो भी संकलित किए गए हैं। प्रेस के माध्यम से नागरिकों को संदेश दिया गया है कि नैला मां दुर्गा पंडाल एवं मेले की शांति, सुरक्षा और धार्मिक माहौल बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।