Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

महिला सशक्तिकरण की दिशा में ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल बनारी में विशेष कार्यशाला

पर्वतारोही एवं साइकिलिस्ट समीरा खान ने छात्राओं को आत्मनिर्भरता, अधिकारों और अपने सपनों के लिए संघर्ष करने किया प्रेरित

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल बनारी, जांजगीर में सोमवार, 10 अगस्त 2026 को महिला सशक्तिकरण एवं महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के अनंतपुर निवासी पर्वतारोही एवं साइकिलिस्ट समीरा खान ने विशेष रूप से सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं से सीधा संवाद किया और उन्हें आत्मविश्वास, शिक्षा, आत्मनिर्भरता तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम संस्था संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं प्राचार्या सोनाली सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया। वहीं कार्यक्रम जांजगीर जिले के पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की अनीता अग्रवाल एवं राजेश्वरी पाटले के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

पर्वतारोहण और साइकिल यात्रा के अनुभवों से दिया सफलता का मंत्र

कार्यशाला के दौरान समीरा खान ने छात्राओं के साथ अपने पर्वतारोहण एवं साइकिल यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका साहस और आत्मविश्वास के साथ सामना करना चाहिए।

उन्होंने बालिकाओं को अपने सपनों को पहचानने, लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उनकी साहसिक यात्राओं और संघर्षपूर्ण अनुभवों को सुनकर छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

बेटियों को बेटों के समान अवसर देने पर जोर

समीरा खान ने कहा कि परिवार और समाज में बालिकाओं को बेटों के समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, गुड टच-बैड टच, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और अपने अधिकारों की जानकारी के महत्व से अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बालिका को अपने सपनों को पूरा करने के लिए स्वयं प्रयास करना चाहिए और परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, मजबूत इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ने पर हर चुनौती का सामना किया जा सकता है।

कैरियर गाइडेंस के साथ कानून और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस जागरूकता एवं कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण, लिंग भेद, सामाजिक असमानता, लैंगिक उत्पीड़न और घरेलू हिंसा जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा और अधिकारों से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया गया। छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति स्वयं सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की असहज या प्रतिकूल परिस्थिति में चुप न रहने और उचित माध्यम से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

“मैं कभी खुद का साथ नहीं छोड़ूंगी…”—समीरा खान

समीरा खान ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा—

“हम इस पूरे ब्रह्मांड की सबसे श्रेष्ठ रचना हैं। जीवन में आगे क्या होगा, यह हम निश्चित रूप से नहीं जानते, फिर भी यही हमारी विशेषता है। मैं कभी खुद का साथ नहीं छोड़ूंगी, जब तक कि मैं अपने लिए खुद का सबसे बेहतर संस्करण न बन जाऊं।”

उनके इस प्रेरणादायक संदेश ने छात्राओं में आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संचार किया। कार्यशाला के दौरान बालिकाओं ने विभिन्न विषयों पर संवाद किया और अपने सवाल भी रखे।

पुलिस एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में पुलिस विभाग से रूपेश पाण्डेय (टीआई), नितिन चंद्रवंशी तथा लक्ष्मी साहू (एएसआई) उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग से शिप्रा साहू एवं पिंकी ठक्कर ने सहभागिता की।

विद्यालय परिवार की ओर से समीरा खान एवं उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं में समानता, आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता विकसित करने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!