
“प्राचार्यों की कार्ययोजना बैठक भविष्य की पीढ़ी की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर” : इंजीनियर रवि पाण्डेय
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। जिले के सरस्वती शिशु मंदिरों के प्राचार्यों एवं प्रधानाचार्यों की तीन दिवसीय वार्षिक कार्ययोजना निर्माण बैठक का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नई शिक्षा नीति-2020, संस्कार आधारित शिक्षा, विद्यालयों की कार्ययोजना तथा राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
■ कार्ययोजना बैठक को बताया भविष्य निर्माण का आधार
समापन समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजीनियर रवि पाण्डेय ने कहा कि प्राचार्यों एवं प्रधानाचार्यों की तीन दिवसीय वार्षिक कार्ययोजना बैठक महज एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसके विद्यालयों में निर्मित होता है और विद्यालय की आत्मा उसके शिक्षक एवं प्राचार्य होते हैं।
■ शिक्षा केवल रोजगार नहीं, राष्ट्र निर्माण का माध्यम
इंजीनियर रवि पाण्डेय ने कहा कि भारत की शिक्षा व्यवस्था केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, चरित्र निर्माण और संस्कार निर्माण का सशक्त आधार है। उन्होंने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिरों की विशेषता यह है कि यहां शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सेवा और नैतिक मूल्यों का समन्वय विद्यार्थियों को दिया जाता है, जिससे संस्कारित एवं जिम्मेदार नागरिक तैयार होते हैं।

■ नई शिक्षा नीति के अनुरूप नागरिक तैयार करना उद्देश्य : रतनलाल चक्रधर
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं सरस्वती ग्राम शिक्षा समिति छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष रतनलाल चक्रधर ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिरों का उद्देश्य नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे आत्मनिर्भर, नैतिक, नवाचारी एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक तैयार करना है, जो समाज और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने प्रदेशभर में संचालित विद्यालयों की कार्यप्रणाली एवं भावी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
■ इन अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सरस्वती ग्राम शिक्षा विकास समिति, जिला जांजगीर-चांपा के सचिव देव प्रसाद तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत भैंसदा के सरपंच प्रतिनिधि राजेश सिंह बनाफर ने की। संचालन जिला समन्वयक नवल किशोर तिवारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्राचार्य मनीष सिंह बनाफर ने व्यक्त किया।
■ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे प्राचार्य, आचार्य एवं समिति पदाधिकारी
समापन समारोह में जिला समिति के अध्यक्ष कोमल सिंह ठाकुर, प्रांतीय समिति के पूर्व कोषाध्यक्ष कमल देवांगन, बद्री प्रसाद केशरवानी, जिला समिति के उपाध्यक्ष देव भूषण सिंह, जिला समिति सदस्य रौशनी राठौर, संकुल प्रमुख तीजराम कौशिक, हीराराम सूर्यवंशी सहित जिले के सभी सरस्वती शिशु मंदिरों के प्राचार्य, आचार्य एवं दीदियां बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।