Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

जांजगीर के बद्री गार्डन में शिव महापुराण कथा के पांचवें दिन शिव-पार्वती विवाह प्रसंग ने बांधा समां, उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

NTN REPORT// जांजगीर। बद्री गार्डन जांजगीर में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के पांचवें दिन भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग का संगीतमय एवं भावपूर्ण वर्णन किया गया। आचार्य पंडित अनुराग कृष्ण दुबे ने अपनी मधुर वाणी से शिव विवाह की कथा का ऐसा रसपान कराया कि पूरा पंडाल “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। कथा के दौरान शिव-पार्वती विवाह की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ के संयोजन में हो रहा आयोजन

छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य पेंशनर संघ एवं छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष तथा अखिल भारतीय राज्य पेंशनर फेडरेशन के राष्ट्रीय सचिव आर. के. थवाईत के संयोजकत्व में 3 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक सर्व पेंशनर्स, वरिष्ठ नागरिकों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं जनकल्याण की भावना से इस भव्य श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है।

शिव विवाह प्रसंग सुनने बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

कथा के पांचवें दिन भगवान शिव एवं माता पार्वती के विवाह प्रसंग का विस्तृत वर्णन किया गया। संगीतमय प्रस्तुति और भजनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। दीनदयाल कॉलोनी, खोखरा सहित जांजगीर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ शिव भजनों का आनंद लिया और धार्मिक वातावरण में भक्ति भाव से सराबोर रहे।

संघ के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ नागरिकों ने की सहभागिता

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ, जांजगीर-चांपा के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इनमें आर. एस. क्षत्रिय, डी. एल. कटकवार (पूर्व जिला जज), दिनेश सिंह राणा, इंजीनियर सोहन डहरिया, सुरेंद्र सिंह राठौर, इंजीनियर आर. पी. सराफ, इंजीनियर बी. पी. निर्मलकर, इंजीनियर देवी प्रसाद राठौर, डी. एन. देवांगन, के. सी. राठौर, कोमल पाण्डेय, डी. के. शर्मा, रामफल कश्यप, कार्तिकेश्वर कश्यप, रामावतार तिवारी, अशोक राठौर एवं संतोष राठौर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

श्रद्धालुओं को मिला प्रसाद और शिव पट्टा

कथा के समापन पर व्यासपीठ की ओर से सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। साथ ही आशीर्वाद स्वरूप श्रद्धालुओं को शिव पट्टा प्रदान कर उनके सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की गई।

10 अगस्त को होगा राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत

आयोजन के अंतिम दिन 10 अगस्त (सोमवार) को ऑल इंडिया सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन के अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी का प्रातः 10 बजे जांजगीर आगमन होगा। उनके स्वागत के लिए कचहरी चौक जांजगीर में छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ, जिला शाखा जांजगीर द्वारा भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील

संघ के जिलाध्यक्ष संतोष राठौर ने संगठन के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे 10 अगस्त को प्रातः 10 बजे कचहरी चौक, जांजगीर पहुंचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करें तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!