मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने से पहले बड़े बदलावों की तैयारी, मंत्रिमंडल विस्तार और बीजेपी संगठन में नई टीम की चर्चा तेज!
NTN REPORT//नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने से पहले भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार में बड़े बदलावों की चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं कि जल्द ही केंद्रीय मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल के साथ-साथ बीजेपी संगठन में नई टीम का ऐलान किया जा सकता है।

दरअसल, 9 जून को मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी संगठन और केंद्र सरकार दोनों स्तरों पर व्यापक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठनात्मक और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नेतृत्व स्तर पर लगातार मंथन जारी है।
पहले भी कार्यकाल के दौरान हुए हैं कई बड़े फेरबदल
यदि प्रधानमंत्री मोदी के पिछले कार्यकालों पर नजर डालें तो सरकार बनने के कुछ समय बाद ही मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल किए जाते रहे हैं। पहले कार्यकाल में नवंबर 2014 में पहला मंत्रिमंडल विस्तार किया गया था। इसके बाद जुलाई 2016 और सितंबर 2017 में भी कई मंत्रियों के विभाग बदले गए और नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई थी।
वहीं दूसरे कार्यकाल में जुलाई 2021 में बड़ा मंत्रिमंडलीय विस्तार हुआ था, जबकि मई 2023 में कई मंत्रालयों के प्रभार में बदलाव किए गए थे। इसी अनुभव के आधार पर अब यह संभावना जताई जा रही है कि तीसरे कार्यकाल में भी दो साल पूरे होने के अवसर पर सरकार मंत्रिपरिषद में बदलाव कर सकती है।
नए चेहरों को मिल सकता है मौका
फिलहाल केंद्र सरकार की मंत्रिपरिषद में 72 सदस्य शामिल हैं, जबकि संवैधानिक रूप से इसकी अधिकतम संख्या 81 तक हो सकती है। ऐसे में कुछ नए नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने और कुछ मौजूदा मंत्रियों की जिम्मेदारियों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2027 में होने वाले सात राज्यों के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए बीजेपी क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रही है। माना जा रहा है कि चुनावी राज्यों से जुड़े नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल कर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की जा सकती है।
बीजेपी संगठन में भी हो सकती है नई नियुक्तियां
बीजेपी संगठन में भी बड़े बदलावों की तैयारी की चर्चा है। 20 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितीन नबीन लगातार संगठनात्मक ढांचे को नया स्वरूप देने में जुटे हुए हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इसको लेकर व्यापक स्तर पर मंथन लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही नई टीम की घोषणा की जा सकती है।
बताया जा रहा है कि नई टीम में युवा नेताओं को प्राथमिकता दी जा सकती है। विशेष रूप से 50 वर्ष से कम उम्र के नेताओं को संगठन में बड़ी जिम्मेदारियां सौंपे जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि संगठनात्मक संतुलन बनाए रखने के लिए अनुभवी नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर उभर सकते हैं नए नेता
सूत्रों के अनुसार बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव स्तर पर भी कई नए चेहरे सामने आ सकते हैं। पार्टी की रणनीति विभिन्न राज्यों से नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर आगे लाने की बताई जा रही है, ताकि भविष्य के लिए नई पीढ़ी का नेतृत्व तैयार किया जा सके। इसके साथ ही महिला नेताओं को भी संगठन में अधिक प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना जताई जा रही है।
पार्टी के भीतर यह भी चर्चा है कि जिस तरह राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन से पहले आरएसएस और बीजेपी नेतृत्व के बीच लंबे समय तक विचार-विमर्श हुआ था, उसी तरह नई टीम के गठन को लेकर भी गंभीर मंथन किया गया है। संघ की प्राथमिकता ऐसे नेताओं और कार्यकर्ताओं को आगे लाने की बताई जा रही है, जो संगठन और विचारधारा के प्रति पूरी तरह समर्पित हों और जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते हों।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीजेपी संगठन और केंद्र सरकार में संभावित बदलाव आने वाले विधानसभा चुनावों और भविष्य की चुनावी रणनीति को ध्यान में रखकर किए जा सकते हैं। आने वाले दिनों में पार्टी और सरकार दोनों स्तरों पर बड़े फैसले देखने को मिल सकते हैं।
यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।