Advertisment
भारतराज्य/शहर

पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा तेज, भाजपा नेता के करीबी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या

मध्यग्राम में देर रात वारदात, बाइक सवार हमलावरों ने मारी 4 गोलियां

NTN NEWS REPORT// पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद जारी राजनीतिक हिंसा के बीच एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी माने जाने वाले चंद्रनाथ रथ की बुधवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना कोलकाता के मध्यग्राम इलाके की बताई जा रही है, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बन गया है।

मृतक, चंद्रनाथ रथ(फाइल फोटो)

जानकारी के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ रात करीब 11:30 बजे अपनी कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार कुछ हमलावरों ने बीच सड़क पर उनकी गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने नजदीक से ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग की। गोलियां सीधे चंद्रनाथ रथ के सीने में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें पास के एक नर्सिंग होम पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हमलावरों की तलाश जारी है।

भाजपा ने TMC पर लगाए गंभीर आरोप

इस हत्या के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि इस वारदात के पीछे तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं का हाथ हो सकता है। हालांकि पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में किसी राजनीतिक दल की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य में विपक्षी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। वहीं टीएमसी ने इन आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी बताया है।

48 घंटे में चार हत्याओं से बढ़ा तनाव

राज्य में पिछले 48 घंटों के दौरान हिंसा और हत्या की कई घटनाएं सामने आई हैं। विभिन्न जिलों में राजनीतिक झड़प, तोड़फोड़ और हमलों की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। कई स्थानों पर तृणमूल कांग्रेस के दफ्तरों में तोड़फोड़ की गई, जबकि कुछ इलाकों में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की है। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

मुर्शिदाबाद में लेनिन की प्रतिमा तोड़े जाने पर सियासी घमासान

मुर्शिदाबाद जिले के जियागंज में लेनिन की दशकों पुरानी प्रतिमा तोड़े जाने की घटना ने राजनीतिक माहौल को और अधिक गर्म कर दिया है। टीएमसी नेता महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा गिराकर वहां नई प्रतिमा स्थापित करने की योजना बनाई थी।

हालांकि बीजेपी ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। पार्टी का कहना है कि उसके किसी भी कार्यकर्ता की इस घटना में कोई भूमिका नहीं है। बीजेपी नेताओं के मुताबिक, चुनाव परिणाम के बाद इलाके में कई समूह मौजूद थे और संभव है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने यह हरकत की हो।

कांग्रेस ने किया TMC कार्यालय पर कब्जे का दावा

नदिया जिले के करीमपुर क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक टीएमसी कार्यालय पर कब्जा करने का दावा किया है। कांग्रेस का कहना है कि यह दफ्तर मूल रूप से उसी का था, जिस पर पहले टीएमसी ने कब्जा कर लिया था। इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है।

24 परगना के कैनिंग में हिंसा, पुलिस पर भी हमला

दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग इलाके के नारायणपुर में भी बुधवार को जमकर बवाल हुआ। माखलतला क्षेत्र में तोड़फोड़, हमले और हिंसा की घटनाएं सामने आईं। पूर्व टीएमसी नेता रहीमा लस्कर उर्फ बेबी, जो हाल ही में बीजेपी में शामिल हुई हैं, उन पर समर्थकों के साथ पंचायत पर कब्जा करने और टीएमसी कार्यकर्ताओं के घरों पर हमला करने के आरोप लगे हैं।

हालात नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला किया गया और कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस ने केंद्रीय बलों की मदद से कार्रवाई करते हुए करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया। इनमें मुख्य आरोपी भी शामिल बताए जा रहे हैं।

TMC दफ्तर पर बुलडोजर कार्रवाई से मचा बवाल

मंगलवार रात मध्य कोलकाता में उस समय तनाव फैल गया जब बुलडोजरों के साथ पहुंचे लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर हॉग मार्केट इलाके के पास स्थित तृणमूल कांग्रेस के एक दफ्तर को निशाना बनाया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।

टीएमसी ने आरोप लगाया कि बीजेपी समर्थकों ने न्यू मार्केट इलाके में दुकानों और पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ कर हिंसा फैलाने की कोशिश की। वहीं बीजेपी ने इन आरोपों को निराधार बताया है।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, प्रशासन अलर्ट

लगातार बढ़ती हिंसक घटनाओं को देखते हुए राज्य प्रशासन अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और केंद्रीय सुरक्षा बलों की मदद ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की हिंसा या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!