
जांजगीर-चांपा में स्टंटबाजी पर पुलिस की सख्ती, कोतवाली व यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा 21 जनवरी 2026। जिले में यातायात नियमों की अनदेखी कर चार पहिया वाहनों से स्टंटबाजी करने वालों के विरुद्ध पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। थाना सिटी कोतवाली एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के मुख्य मार्गों पर नियमों का उल्लंघन कर रहे चार वाहनों को पकड़कर चालानी कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ युवक चार पहिया वाहनों की खिड़कियों एवं दरवाजों से बाहर निकलकर स्टंट करते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजर रहे हैं, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापरडे को अवगत कराया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल कार्रवाई के लिए रवाना की गई। जांच के दौरान सामने आया कि एक ऑटो डीलर द्वारा सेकंड हैंड वाहनों के प्रदर्शन के लिए अपने स्टाफ एवं चालकों के साथ शहर में वाहनों को निकाला गया था, जहां कर्मचारियों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए स्टंटबाजी की जा रही थी।
पुलिस टीम ने मौके पर चार वाहनों को पकड़कर सुरक्षार्थ थाना लाया तथा संबंधित ऑटो डीलर के मालिक को तलब कर पूछताछ की। इसके पश्चात सभी चारों वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर में सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।