
NTN REPORT // नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नितिन नबीन का संगठनात्मक अनुभव, स्पष्ट रणनीति और कार्यकर्ताओं से गहरा जुड़ाव भाजपा को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी के रूप में नितिन नबीन की सटीक रणनीति और सुदृढ़ संगठनात्मक दक्षता के चलते प्रदेश में भाजपा संगठन को नई धार मिली। उनके नेतृत्व में वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के कुशासन को निर्णायक रूप से पराजित करते हुए भाजपा ने ऐतिहासिक प्रचंड बहुमत हासिल किया। यही संगठनात्मक मजबूती आगे चलकर लोकसभा चुनाव 2024 तथा स्थानीय निकाय चुनावों में भी अभूतपूर्व विजय का आधार बनी।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर से लेकर प्रदेश नेतृत्व तक कार्यकर्ताओं में विश्वास, अनुशासन और कर्तव्यबोध स्थापित करना नितिन नबीन की कार्यशैली की पहचान रही है। इसी कारण भाजपा छत्तीसगढ़ में एक सशक्त, संगठित और जनविश्वास से परिपूर्ण राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नितिन नबीन का नेतृत्व पार्टी को नई ऊर्जा और स्पष्ट दिशा प्रदान करेगा तथा राष्ट्रसेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को और अधिक मजबूती देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नितिन नबीन का अनुभव, ऊर्जा और संगठन कौशल भाजपा को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा। प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद से भाजपा का यह नवयुग राष्ट्र निर्माण की नई गाथा रचे—यही मंगलकामना है।