
ग्राम पंचायत कुलीपोटा में संत शिरोमणि बाबा गुरुघासीदास जी की 269वीं तीन दिवसीय भव्य जयंती समारोह का आयोजन
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। ग्राम पंचायत कुलीपोटा, जिला जांजगीर-चांपा में गुरु ज्ञान प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर मानवता के महान पुजारी संत शिरोमणि बाबा गुरुघासीदास जी की 269वीं तीन दिवसीय जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 23 जनवरी से 25 जनवरी 2026 तक आयोजित होगा।
मानवता, भाईचारे और सतनाम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
आयोजन का मुख्य उद्देश्य बाबा गुरुघासीदास जी के मानवतावादी विचारों, उनके मूल सिद्धांतों एवं उपदेशों — खानी, बानी और सियानी के साथ-साथ उनके सात वाणियों को आत्मसात कर समाज में मानवतावाद, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देना है।
पंथी नृत्य, मंगल भजन और प्रवचनों से सजेगा आयोजन
तीन दिवसीय इस जयंती समारोह में आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुजन, सामाजिक बंधुगण, बुद्धिजीवी, प्रवचनकर्ता, पंथी नर्तक दल एवं संत समाज की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम के दौरान पंथी नृत्य, मंगल भजन, सतनाम प्रवचन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
अतिथियों के लिए भोजन एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था
आयोजन में शामिल होने वाले समस्त अतिथियों एवं संत समाज के लिए भोजन एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था जय सतनाम सेवा समिति, ग्राम पंचायत कुलीपोटा द्वारा की गई है।
समिति के पदाधिकारी जुटे तैयारियों में
इस संबंध में जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी चंद्रकांत रात्रे ने बताया कि आयोजन की तैयारियों में समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ लगे हुए हैं।
आयोजक संस्था : जय सतनाम सेवा समिति ग्राम पंचायत कुलीपोटा
जिला जांजगीर-चांपा