
जांजगीर-चांपा में नई जिम्मेदारी: निवेदिता पाल ने संभाला प्रभारी पुलिस अधीक्षक का पद
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा, 06 अप्रैल 2026। जिले में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है। 6वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, रायगढ़ की सेनानी निवेदिता पाल (IPS) ने सोमवार को जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी पुलिस अधीक्षक के पद पर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग व्यवस्था तथा ड्यूटी से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
ज्ञात हो कि जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) 06 अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक 48वें आईपीएस इंडक्शन प्रशिक्षण में भाग लेने हेतु राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद रवाना हुए हैं। उनके प्रशिक्षण अवधि के दौरान निवेदिता पाल को जिले का प्रभार सौंपा गया है।
कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार, डीएसपी (मुख्यालय) विजय पैकरा, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे तथा थाना प्रभारी जांजगीर निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर निवेदिता पाल ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर जिले की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
जिले में नई प्रभारी पुलिस अधीक्षक की नियुक्ति को लेकर पुलिस विभाग में सक्रियता बढ़ गई है और आने वाले समय में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने की संभावना है।