
खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई — अवैध रेत उत्खनन व परिवहन पर कसी लगाम
NTN NEWS REPORT//जांजगीर-चांपा, 25 अक्टूबर 2025। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण हेतु कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश तथा खनिज अधिकारी अनिल कुमार साहू के मार्गदर्शन में खनिज उड़नदस्ता दल ने आज तड़के एक बड़ी कार्रवाई अंजाम दी।
कार्रवाई खनि निरीक्षक एवं उड़नदस्ता प्रभारी आर.एल. राजपूत के नेतृत्व में की गई, जिसके तहत बम्हनीडीह, खपरीडीह, केराकछार-पंतोरा एवं शिवरीनारायण क्षेत्र में औचक जांच की गई। जांच के दौरान दल को कई स्थानों पर अवैध रेत परिवहन व उत्खनन की गतिविधियाँ पाई गईं।
खनि अधिकारी अनिल कुमार साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि—
👉 बम्हनीडीह एवं खपरीडीह क्षेत्र से 06 ट्रैक्टर रेत के अवैध परिवहन करते हुए पकड़े गए।
👉 ग्राम केराकछार-पंतोरा क्षेत्र से अन्य 06 ट्रैक्टर जब्त किए गए।
इस प्रकार कुल 12 अवैध परिवहन प्रकरणों में कार्रवाई की गई है। जप्त किए गए वाहनों में से 06 को कलेक्टर परिसर जांजगीर तथा अन्य 06 को थाना पंतोरा में सुरक्षार्थ रखा गया है।
इसी क्रम में शिवरीनारायण क्षेत्र में पुलिस थाना शिवरीनारायण के अमले के सहयोग से खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 1 जेसीबी मशीन एवं 3 ट्रैक्टर को अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर जप्त किया गया है। सभी वाहनों को खनिज नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए थाना शिवरीनारायण के सुपुर्द किया गया है।
अवैध उत्खनन एवं परिवहन के इन कुल 16 वाहनों पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही कलेक्टर श्री महोबे के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी, जांजगीर-चांपा को संबंधित वाहनों के परिवहन लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ करने हेतु निर्देशित किया गया है।
कलेक्टर महोबे ने कहा कि — “जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रत्येक शिकायत की त्वरित जांच कर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
खनिज अधिकारी साहू ने यह भी बताया कि जिले में अवैध खनन की शिकायतें प्राप्त होते ही खनिज अमला एवं जिला स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा नियमित निरीक्षण और औचक जांच की जा रही है। भविष्य में भी ऐसी कार्रवाईयां निरंतर जारी रहेंगी, जिससे अवैध गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।