
गेमन पुल पर बड़ा हादसा टला — ट्रैक्टर हवा में लटका, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बची जनहानि
NTN NEWS REPORT// चांपा : आज सुबह चांपा स्थित गेमन पुल पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, गिट्टी से भरे एक ट्रैक्टर को तेज रफ्तार से आ रहे एक बड़े वाहन ने लापरवाहीपूर्वक ठोकर मार दी। ठोकर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए आधा हवा में लटक गया। यह दृश्य देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुल के दोनों ओर लंबा जाम लग गया।

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस बल को मौके पर रवाना किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित किया तथा हवा में लटके ट्रैक्टर को लोडर मशीन की सहायता से सुरक्षित हटवाया। इसके बाद मार्ग को पुनः आवागमन के लिए खोल दिया गया।

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि यदि ट्रैक्टर पुल से नीचे गिर जाता, तो एक बड़ा हादसा घटित हो सकता था और जान-माल की भारी क्षति होती।
गनीमत रही कि चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और समय रहते पुलिस की मुस्तैदी से एक संभावित त्रासदी टल गई।